त्रिपुरा के बाद अब तमिलनाडु में मूर्ति तोड़े जाने पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मंगलवार को किए ट्वीट में राहुल गांधी ने लिखा, ‘जब आरएसएस और भाजपा ने त्रिपुरा में लेनिन की मूर्ति तोड़े जाने पर इसे प्रोत्साहित किया। तब उन्होंने उन लोगों की प्रतिमाओं को नष्ट करने के लिए अपने स्वयंसेवकों को संकेत दिया कि वह उन विचारधारा वाली मूर्तियों के खत्म कर दें जो उनके खिलाफ हैं। जैसे पेरियार, महान समाज सुधारक जो दलितों के लिए लड़े थे। उनकी प्रतिमा भी आज तमिलनाडु में नष्ट कर दी गई।’ एएनएनाई की खबर के अनुसार तमिल आंदोलन सर्मथक पेरियार की प्रतिमा पुदुक्कोट्टई में अज्ञात लोगों ने तोड़ दी। पुलिस मामले में केस दर्ज जांच शुरू कर दी है। घटना ऐसे समय में प्रकाश में आई है जब पुलिस ने 6 मार्च को राज्य के नगर निगम दफ्तर में लगी पेरियार की मूर्ति की तोड़ने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के समय दोनों आरोपी नशे की हालत में थे।

इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एच राजा ने पेरियार की मूर्ति गिराने की धमकी दी थी। ये धमकी उन्होंने एक फेसबुक पोस्ट के जरिए दी। हालांकि बाद में उन्होंने दावा किया कि अराजक तत्वों ने उनका फेसबुक अकाउंट हैक कर लिया था। तब फेसबुक पोस्ट में लिखा गया, ‘लेनिन कौन हैं? उनका भारत से क्या संबंध? भारत से साम्यवाद कैसे जुड़ा है? लेनिन की मूर्ति तोड़ दी गई। आज यह लेनिन की मूर्ति थी। कल तमिलनाडु में जातिवादी पेरियार की मूर्ति के साथ ऐसा होगा।’ सोशल मीडिया में लोगों की नाराजगी के चलते इस पोस्ट को हटा लिया गया था।

वहीं 6 मार्च को पेरियार की मूर्ति तोड़ने के आरोप में जिन दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, उनमें एक शख्स की पहचान भाजपा सदस्य के रूप में की गई जबकि दूसरा सीपीआई कार्यकर्ता बताया गया। इससे पहले त्रिपुरा में भाजपा सरकार बनने के बाद कथित तौर पर बीजेपी समर्थकों ने लेनिन की मूर्ति तोड़ दी थी।