गिरधारी लाल जोशी
बिहार में गंगा नदी पर 1710 करोड़ रुपये से ज्यादा का बन रहा सुल्तानगंज-खगड़िया अगुवानी पुल का एक हिस्सा शनिवार को तीसरी बार सुबह ढह गया। भागलपुर से खगड़िया को जोड़ने के लिए सीएम नीतीश कुमार ने 23 फरवरी 2014 को पुल का शिलान्यास किया था। इस पुल का निर्माण का ठेका एसपी सिंगला कंपनी को दिया गया था। जब दूसरी बार यह पुल गिरा था तो पटना हाईकोर्ट ने संज्ञान लिया था। तब ठेका कंपनी ने अदालत को बताया था कि कंपनी बचा काम खुद के खर्चे पर कराएगी। इसका अगला हिस्सा शनिवार को गिर गया।
पिछले साल इस पुल के चार-पांच खंभे ढह गए थे
स्थानीय प्रशासन के मुताबिक अगुवानी-सुल्तानगंज पुल का एक स्लैब सुबह करीब आठ बजे गिर गया। उन्होंने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। पिछले साल इस पुल के चार-पांच खंभे ढह गए थे, जिससे पूरा हिस्सा नदी में समा गया था। पिछले कुछ महीनों में राज्य में कई पुल ढह गए हैं, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।
पुल निर्माण का सौ मीटर पहला हिस्सा 27 अप्रैल 2022 को गंगा नदी में समा गया था। तेज आंधी को पुल के हिस्से को ध्वस्त होने का कारण बताया गया था। उस वक्त पुल का अधिकतर हिस्सा बन गया था। हालंकि उस वक्त कोई जान का नुकसान नहीं हुआ था। दूसरी बार 4 जून 2023 को पुल का पाया नंबर 10,11 और 12 का पूरा हिस्सा अगुवानी की तरफ गिरा था। यह करीब दो सौ मीटर था। उस वक्त ड्यूटी पर दो गार्ड लापता हो गए थे। जिसका पता नहीं चला।
अब तीसरी बार 17 अगस्त 2024 को पाया नंबर नौ का ऊपरी हिस्सा गंगा नदी में समा गया। यानी तीन साल में तीन बार यह निर्माणाधीन पुल गिरा है। इधर सुलतानगंज से भागलपुर तक गंगा नदी उफान पर है। लेकिन पाया के ऊपरी हिस्से के गिरने का इस बात से कोई सरोकार नहीं है।
यह पुल बन जाने से राष्ट्रीय राजमार्ग 31 और 80 आपस में जुड़ जाएंगे। पुल की लंबाई 3.160 किलोमीटर और इसके संपर्क पथ की लंबाई 25 किलोमीटर है। यह बिहार सरकार की अति महत्वाकांक्षी योजना में से एक है।
ये पुल गिर चुके हैं
18 जून से अब तक राज्य भर में किशनगंज , अररिया , मधुबनी , पूर्वी चंपारण, सीवान और सारण में 10 पुल ढह गए हैं या धंस गए हैं। 9 पुलों-पुलियों में से चार अकेले सीवान में गिरे थे। कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा दोषी ठेकेदारों और बनाने वाली कंपनियों को ब्लैक लिस्ट में डालने की प्रक्रिया शुरू करने के अलावा सरकार उनमें से कुछ का पेमेंट भी रोक रही है।