Bharat Jodo Yatra: त्रिपुरा में कांग्रेस की राज्य स्तरीय भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) में दो जगहों पर हमला हुआ है। जिसमें तीन पुलिसकर्मियों सहित कम से कम 12 लोग घायल हुए हैं। कांग्रेस की राज्य स्तरीय भारत जोड़ो यात्रा पर उस वक्त हमला किया गया, जब सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे दक्षिण त्रिपुरा जिले के संतिर बाजार की ओर जा रहे थे। तभी उन पर पथराव किया गया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि हमले के पीछे सत्तारूढ़ भाजपा के समर्थक हैं।

संतिर बाजार पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी अनुपम दास ने पीटीआई को बताया कि अचानक युवाओं के एक गुट ने रैली पर पथराव शुरू कर दिया। जिसमें तीन पुलिस के सिपाही सहित कई लोग घायल हुए हैं। जिसके बाद स्थिति बेकाबू हो गई।

दास ने कहा स्थिति को देखते हुए पुलिस ने युवाओं को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। जिसमें कुछ लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि हमले में छह-सात कांग्रेस समर्थक घायल हुए हैं लेकिन घायलों की संख्या बढ़ सकती है। इसके बाद लाठीचार्ज को लेकर आक्रोशित भाजपा समर्थकों ने थाने के बाहर प्रदर्शन किया।

पश्चिमी त्रिपुरा के पुलिस अधीक्षक शंकर दास ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के दूसरे चरण में पश्चिम त्रिपुरा जिले के अमाताली में हमला किया गया। उन्होंने कहा कि अब तक घटना के संबंध में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है, लेकिन पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। स्थिति अब नियंत्रण में है।

मुख्यमंत्री माणिक साहा ने की घटना की निंदा, कहा- एक्शन लेने के लिए पुलिस को पूरी छूट

घटना के बाद मुख्यमंत्री माणिक साहा (Chief Minister Manik Saha) का भी बयान सामने आया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पुलिस को खुली छूट दी गई है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। जो लोग हिंसा में लिप्त हैं, उन्हें पता होना चाहिए कि हिंसा से कुछ नहीं होता। हमने 25 वर्षों में राजनीतिक हिंसा को उजागर होते देखा है। इस तरह की पुरानी प्रथा से रातोंरात छुटकारा पाना बहुत मुश्किल है।

काननू के मुताबिक हो कार्रवाई: कांग्रेस

हमले की आलोचना करते हुए कांग्रेस विधायक सुदीप रॉय बर्मन ने कानून के मुताबिक पुलिस कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा किसी दिन हम पुलिस अधिकारियों से मिलेंगे और उन्हें चूड़ियां पहनने के लिए कहेंगे। बता दें, कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में राष्ट्रीय स्तर की भारत जोड़ो यात्रा के तहत पार्टी की विभिन्न राज्य इकाइयां इसी तरह की यात्रा का आयोजन कर रही हैं। त्रिपुरा राज्य कांग्रेस ने सभी उप-मंडलों में ऐसी यात्राओं का आयोजन किया है।