Amit Shah Bihar Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बिहार के चुनावी रण में उतर चुके हैं। शाह गुरुवार यानी आज रोहतास और बेगूसराय के 20 जिलों के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे और आगामी विधानसभा चुनावों की योजनाओं पर चर्चा करेंगे। शाह कल शाम पटना पहुंचे।
अमित शाह सुबह रोहतास ज़िले के डेहरी ऑन सोन में शाहाबाद और मगध क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ रोहतास, कैमूर, आरा, बक्सर, गया, नवादा, जहानाबाद, अरवल और औरंगाबाद के सांसद, विधायक, विधान पार्षद और पार्टी पदाधिकारी भी शामिल होंगे। इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए एनडीए की जीत सुनिश्चित करने हेतु रणनीति बनाई जाएगी।
इसके बाद, भाजपा के वरिष्ठ नेता आज दोपहर बेगूसराय में एक और बैठक करेंगे। इस बैठक में पटना ग्रामीण, पटना महानगर, बाढ़, नालंदा, शेखपुरा, मुंगेर, जमुई, लखीसराय, खगड़िया और बेगूसराय के सांसद, विधायक, विधान पार्षद और पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे।
अमित शाह को यह बिहार दौरा क्यों खास है?
शाह का यह दौरा विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी की रणनीति तय करने और कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सासाराम और बेगूसराय बीजेपी के लिए इसलिए अहम हैं क्योंकि ये दोनों मंडल बिहार की राजनीति में निर्णायक भूमिका निभाते हैं।
सासाराम मंडल की 30 से ज्यादा विधानसभा सीटें और बेगूसराय मंडल की लगभग इतनी ही सीटें मिलकर करीब 60 सीटों का बड़ा राजनीतिक आधार बनाती हैं। पिछली बार इन क्षेत्रों में भाजपा को RJD गठबंधन से कड़ी चुनौती मिली थी, इसलिए पार्टी यहां विशेष रणनीति पर काम कर रही है।
यह भी पढ़ें- विश्वकर्मा पूजा पर मजदूरों को करोड़ों की सौगात, बिहार और छत्तीसगढ़ में किसे मिला कितना फायदा?
वहीं, बेगूसराय को भाजपा का गढ़ माना जाता है, जबकि सासाराम में पकड़ मजबूत करने की कोशिश है। यही वजह है कि अमित शाह का दौरा काफी कुछ तय करने वाला है। अमित शाह का संदेश साफ है कि सीट कोई भी हो, जब तक ज़मीन पर कार्यकर्ता मजबूत हैं और रणनीति पुख्ता है तो जीत सुनिश्चित है।
अमित शाह 20 जिलों के पदाधिकारियों से लेंगे फीडबैक
इस दौरान अमित शाह 20 जिलों के भाजपा पदाधिकारियों से चुनाव की तैयारियों पर फीडबैक लेंगे। इस फीडबैक के आधार पर इन दोनों रीजन की करीब 60 सीटों के उम्मीदवार का नाम फाइनल किया जाएगा। पार्टी की चुनौती को मजबूत करने के लिए यहां के कार्यकर्ताओं को गृह मंत्री जीत का मंत्र देंगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री शहनवाज हुसैन ने कहा कि जब भी गृहमंत्री बिहार आते हैं, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और स्फूर्ति आती है। वह हमारे प्रमुख रणनीतिकार हैं। इस बार भी जब वे सासाराम और बेगूसराय जाएंगे, कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ेगा।
अमित शाह के इस बिहार दौरे के बाद 27 सितंबर को भी उनका एक और बिहार दौरा प्रस्तावित है। यह दौरा भागलपुर रीजन में होगा। वहां भी कुछ और जिलों के पार्टी पदाधिकारियों को अमित शाह जीत का मंत्र देंगे। एक और विपक्ष जहां एसआईआर का मुद्दा जोर शोर से पूरे बिहार में उठा रहा है तो वहीं जवाब में बीजेपी कार्यकर्ता क्या रणनीति अपनाएं और किन मुद्दों को लेकर वह जनता के बीच में जाएं, इस पर गृहमंत्री कार्यकर्ताओं को रणनीति बताएंगे। उस लिहाज से शाह का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें- परबत्ता में कौन मारेगा बाजी? क्या कहते हैं पिछले चुनाव नतीजे?