Shrikant Tyagi Case: उत्तर प्रदेश के नोएडा की ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में महिला से गाली-गलौज करने वाले श्रीकांत त्यागी को लेकर त्यागी समाज ने रविवार (21 अगस्त) को नोएडा में महापंचायत की। इस बीच केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने मेरठ में कहा कि श्रीकांत त्यागी ने जो कुछ भी किया है उसे उसकी सजा मिलनी चाहिए, लेकिन उसके परिवार को जो दिक्कत हुई वो भी ठीक नहीं थी।
मीडिया से बात करते हुए संजीव बालियान ने कहा, “जो प्रशासनिक कार्यवाई हुई थी उस पर प्रशासन जवाब दे, मैं राजनीतिक व्यक्ति हूं। न्यायोचित कार्यवाई होना सही था। पर उसके परिवार को भी दिक्कत हुई है। ये हमें और सभी को महसूस हुआ है।” उन्होंने आगे कहा, “गलती व्यक्ति की हो सकती है उसके परिवार का क्या कसूर था। उसके परिवार के साथ जो हुआ उससे भावनाएं तो आहत हुई हैं।”
त्यागी समुदाय ने हमेशा भाजपा को वोट दिया: केंद्रीय मंत्री ने कहा कि त्यागी समुदाय ने हमेशा भाजपा को वोट दिया है। तो अगर कुछ है, तो हम उनके साथ बैठकर बात करेंगे। गौरतलब है कि श्रीकांत त्यागी के समर्थन में सलारपुर स्थित रामलीला ग्राउंड में हजारों की संख्या में त्यागी समाज से जुड़े लोग पहुंचे। इस दौरान बीजेपी सांसद डॉ. महेश शर्मा के खिलाफ नारेबाजी की गयी। महापंचायत में ‘भाजपा नेताओं का प्रवेश वर्जित’ जैसे बैनर भी दिखाई दिए।
महापंचायत में 15 लाख से ज्यादा लोगों के पहुंचने का दावा: त्यागी समाज के नेताओं का कहना है कि श्रीकांत त्यागी की पत्नी और उसके घरवालों को प्रताड़ित किया गया है और इस मामले के आरोपियों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। त्यागी समाज का कहना है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाती हैं वे अपना विरोध जारी रखेंगे। भारतीय किसान यूनियन के पश्चिमी उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष मांगेराम त्यागी ने महापंचायत में 15 लाख से ज्यादा लोगों के पहुंचने का दावा किया। उन्होंने कहा कि इतिहास में यह पहली बार है जब त्यागी समाज इस तरह से इकट्ठा हुआ है।
गौरतलब है कि ग्रैंड ओमेक्स सोसायटी में रहने वाली एक महिला ने श्रीकांत त्यागी के अतिक्रमण करने का विरोध किया था। इस पर श्रीकांत ने महिला के साथ गाली गलौज, अभद्रता और मारपीट की थी। इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। जिसके बाद नोएडा पुलिस और प्रशासन की ओर से इस मामले में सख्त कार्रवाई की गई थी। कई दिनों से फरार चल रहे श्रीकांत को पुलिस और एसटीएफ ने मेरठ से गिरफ्तार किया था।