शिवसेना सांसद संजय राउत ने एबीपी न्यूज से कई मुद्दों पर बात की। इस दौरान एक सवाल के जवाब में संजय राउत ने कहा कि बीजेपी को वापस हमारे साथ आना ही होगा। वहीं उद्धव गुट के शिवसेना नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री अर्जुन खोतकर शनिवार को शिंदे गुट में शामिल हो गए।
ईडी की जांच को लेकर संजय राउत बोले- पूरा महाराष्ट्र खेल देख रहा
संजय राउत ने ईडी (ED) की जांच को लेकर कहा कि ये भी राजनीति है। पार्टी का संघर्ष चल रहा है, जो मेरे पीछे जांच लगाई गई है वो पार्टी के संघर्ष की वजह से है। ये चाहते हैं कि मैं पार्टी के साथ ना रहूं। कल तक जो हमारे साथ थे, खाते-पीते थे, वो तो भाग गए। सब एजेंसी के डर से भागे हैं। पार्टी को तोड़ने की कोशिश की जा रही है। कुछ लोग भ्रम में हैं, लेकिन मैं उनको बता दूं कि मेरी गिरफ्तारी भी होती है तो भी पार्टी नहीं टूटेगी। हमारी पार्टी और मजबूत होगी। पूरा महाराष्ट्र ये खेल देख रहा है। गिरफ्तारी की आशंका पर उन्होंने कहा कि मेरा कोई केस ही नहीं है, लेकिन अगर कोई चाहता है तो आप क्या ही कर सकते हो?
एकनाथ शिंदे के साथ मामला खत्म हो चुका है: संजय राउत
एकनाथ शिंदे अगर उद्धव ठाकरे को अपना नेता मान लें तो क्या दोनों गुट फिर से साथ आ सकते हैं। इस पर संजय राउत ने कहा कि उनके साथ मामला खत्म हो गया है। हमने बहुत कोशिश की थी। अब वे जिस खेमे में है वहां एकनाथ शिंदे खुद फैसले नहीं ले सकते। शिवसेना छोड़ने वाले ज्यादातर नेताओं ने आरोप लगाया कि संजय राउत ने पार्टी को बर्बाद कर दिया है। इस पर उन्होंने कहा कि मैं पार्टी का मालिक नहीं हूं, मैं पार्टी का नेता हूं और हमेशा पार्टी के साथ रहा हूं। मैं केवल संगठन का काम करता हूं।
संजय राउत बोले- एकनाथ शिंदे अपनी पार्टी बनाकर चुनाव लड़ें
संजय राउत ने कहा कि आज भी महाविकास अघाड़ी है और आगे भी रहेगी। हम चुनाव में भी एक साथ जाएंगे। बागी गुट कोई पार्टी नहीं है. मेरा एकनाथ शिंदे को चैलेंज है कि अपनी पार्टी बनाकर चुनाव लड़िए।
शिंदे कैंप में शामिल होने के बाद अर्जुन खोतकर बोले- उद्धव से कोई नाराजगी नहीं
पूर्व मंत्री अर्जुन खोतकर ने शनिवार को कहा कि वह कुछ परिस्थितियों और समस्याओं के कारण मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के गुट में शामिल हुए हैं। खोतकर ने संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना के उपनेता पद से इस्तीफा दे दिया था। खोतकर ने कहा, “कुछ परिस्थितियों और समस्याओं के कारण, मैंने शिवसेना छोड़ने का फैसला किया। ठाकरे के प्रति मेरी कोई नाराजगी नहीं है। कुछ परिस्थितियों ने मुझे पार्टी छोड़ने के लिए मजबूर किया।”
देवेंद्र फडणवीस सरकार में मंत्री रह चुके खोतकर
खोतकर जो जालना जिले से आते हैं। 2014 से 2019 तक देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली सरकार में वे मंत्री भी थे। उन्हें हाल ही में पार्टी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे द्वारा शिवसेना के उप नेता के पद पर पदोन्नत किया गया था।