भारत 78वां स्वतंत्रता दिवस मना रहे है लेकिन क्या देश की आधी आबादी आज भी पूरी तरह स्वतंत्रता हासिल कर पाई है? यह आज भी एक बड़ा सवाल है। उत्तर प्रदेश के अमेठी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। न्यूज एजेंसी PTI द्वारा गुरुवार को पुलिस के हवाले से दी गई जानकारी के अनुसार, अमेठी में एक 13 साल की बच्ची का उसके पिता ने नशे की हालत में कथित तौर पर रेप किया।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित लड़की ने रेप की कथित घटना के एक हफ्ते बाद अपने पिता के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। उसने पुलिस को बताया कि उसके साथ हुई घिनौनी घटना के दो दिन बाद उसकी मां की मौत हो गई, जिस वजह से वह देर से शिकायत लिखवा पाई।
सर्किल ऑफिसर अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा है कि आठ अगस्त को जब वह घर में अकेली थी, तब तय घटना हुई। इस मामले में लड़की द्वारा बुधवार शाम को शिकायत दी गई।
पुलिस ने दर्ज की FIR
सीओ अतुल कुमार सिंह ने बताया कि लड़की की शिकायत पर FIR दर्ज कर ली गई है औऱ आरोपी को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि लड़की की मां दिल्ली गई हुई थी, उसकी वहीं पर मौत हो गई। लड़की ने बताया कि इसी वजह से वह शिकायत लेकर पहले पुलिस के पास नहीं आ सकी।
क्या कहती हैं लोकल मीडिया रिपोर्ट्स?
लोकल मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह मामला अमेठी के बाजार शुकुल थाने क्षेत्र का है। रिपोर्ट के अनुसार, किशोरी के आरोप हैं कि उसके माता-पिता के बीच चार अगस्त को किसी बात पर विवाद हुआ था। इस विवाद के बाद लड़की की मां अगले दिन अपनी बहन के पास चली गई, जो दिल्ली में रहती हैं।
रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि इसके बाद आठ अगस्त को, जब घर में कोई नहीं था, तब लड़की के पिता ने नशे की हालत में उसके साथ घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। जब लड़की ने इसका विरोध किया तो उसने लड़की की पिटाई कर दी और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। लड़की ने जानकारी दी है कि दस अगस्त को उसकी मां की दिल्ली मौत हो गई। मां का अंतिम संस्कार कर वह गांव लौटी और उसने थाने में शिकायत की।