बिहार में पांचवें चरण में पांच सीटों पर वोटिंग हुई थी। पांचवें चरण के मतदान के बाद बिहार की सारण लोकसभा सीट पर जमकर हिंसा हुई है। बीजेपी और आरजेडी के समर्थक आपस में भिड़ गए। मंगलवार को दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी भी हुई। तीन लोगों को गोली लगी है। एक व्यक्ति की गोली लगने के कारण मौत हो गई जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। अब इस घटना पर राजनीति भी तेज होने लगी है। पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने बीजेपी पर निशाना साधा है तो वहीं सारण से बीजेपी उम्मीदवार राजीव प्रताप रूडी ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।

तेजस्वी ने दिया बयान

घटना पर तेजस्वी यादव ने कहा, “दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है और बाकी दो लोग फरार हैं। मुझे आश्वासन दिया गया है कि उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। कुछ लोग हार के डर से ऐसी हरकतें करते हैं। चुनाव के दौरान ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए।”

राजीव प्रताप रूडी ने भी दी प्रतिक्रिया

वहीं बीजेपी उम्मीदवार राजीव प्रताप रूडी ने कहा, “यह घटना काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं तो किसी बूथ पर गया भी नहीं और इस समय चुनाव आयोग ही सरकार है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। सेल्फ डिफेंस में ही गोलियां चली हैं।”

सोमवार को वोटिंग के दौरान छपरा के भिखारी ठाकुर चौक इलाके में आरजेडी उम्मीदवार रोहिणी आचार्य भी पहुंची थीं। इस दौरान भी बवाल हुआ था। घटना के बाद सारण एसपी गौरव मंगला ने कहा, “आरजेडी और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हुआ था। उसी को लेकर आज कुछ लोगों ने गोलीबारी की है। कार्यवाही की जा रही है। दो दिन के लिए इंटरनेट को भी बंद कर दिया गया है।”

फायरिंग का आरोप भाजपा कार्यकर्ताओं पर लगाया गया है। इस घटना में चंदन राय की मौत हुई है। वहीं घायलों की पहचान गुड्डू राय और मनोज राय के रूप में हुई है। गोली लगने के बाद सदर अस्पताल पहुंचने के साथ ही वहां अफरातफरी का माहौल हो गया। हालांकि अभी माहौल शांत है।