भाजपा हाईकमान ने संजय सरावगी को बिहार का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। संजय सरावगी दरभंगा सदर से विधायक हैं। वो नीतीश कैबिनेट में मंत्री भी रह चुके हैं। संजय दरभंगा और मिथिला क्षेत्र में बीजेपी का चर्चित एवं पुराना चेहरा हैं। वह दरभंगा सदर विधानसभा से लगातार छह बार चुनाव जीतते आ रहे हैं।

संजय सरावगी वैश्य समुदाय से आते हैं। व्यापारी वर्ग में उनकी अच्छी पकड़ है। 2005 में उन्होंने पहली बार दरभंगा सदर से भाजपा के टिकट पर चुनाव जीता था तब से वे यहां से विधायक बनते आ रहे हैं। संजय सरावगी दरभंगा के गांधी चौक के रहने वाले हैं। उनका जन्म 28 अगस्त 1969 को हुआ था। उनके पिता का नाम परमेश्वर सरावगी है।

संजय सरावगी ने एमकॉम और एमबीए की पढ़ाई की है। वह छात्र जीवन से ही राजनीति से जुड़ गए। शुरुआत में बीजेपी की छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का हिस्सा रहे। 1995 में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ली। 1 मार्च 2005, नवंबर 2005, 2010, 2015, 2020 और 2025 में बीजेपी के टिकट पर दरभंगा सदर से विधायक विधायक चुने गए।

सरावगी दरभंगा नगर निगम से वार्ड पार्षद भी रह चुके हैं। उनकी छवि साफ सुथरे नेता की रही है। दरभंगा शहर की जनता के बीच वह चर्चित चेहरा हैं। 2018 में विधानसभा की प्राकलन समिति का अध्यक्ष भी बनाया गया था।

संजय सरावगी को भाजपा नेताओं ने दी बधाई

बिहार के पूर्व मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि दरभंगा के विधायक व भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सरावगी जी को बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बनने पर हार्दिक शुभकामनाएं। पूर्ण विश्वास है कि आपके कुशल नेतृत्व, संगठनात्मक अनुभव से बिहार में पार्टी और अधिक सशक्त होगी तथा जनसेवा के नए कीर्तिमान स्थापित होंगे।

यह भी पढ़ें- नितिन नबीन ने बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का ग्रहण किया पदभार

बीजेपी नेता तरुण चुग ने कहा कि दरभंगा से विधायक संजय सरावगी जी को बिहार भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आपके कुशल नेतृत्व में बिहार में भाजपा और सशक्त एवं मजबूत होगी।

राजस्थान बीजेपी के नेता सीपी जोशी ने कहा कि दरभंगा (सदर) बिहार से विधायक व बिहार के पूर्व मंत्री संजय सरावगी जी बिहार भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने पर हार्दिक बधाई एवं उज्जवल कार्यकाल की अनंत शुभकामनाएं।

यह भी पढ़ें- ‘नितिन नबीन हमारे साथ…’, भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर सीएम नीतीश क्या बोले?