ड्रग्स मामले में एकनाथ खडसे के दामाद की गिरफ्तारी के एक दिन बाद, शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने सोमवार को दावा किया कि महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री को भाजपा नेता गिरीश महाजन को कथित हनी ट्रैप कांड से जोड़ने के लिए निशाना बनाया जा रहा है।
नई दिल्ली में पत्रकारों से बात करते हुए, संजय राउत ने खडसे के दामाद प्रांजल खेवलकर की गिरफ्तारी को संदिग्ध बताया और सत्तारूढ़ भाजपा की भी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों के परिवार के सदस्यों को “निशाना” बना रही है और उन्हें बदनाम कर रही है। उन्होंने खडसे का स्पष्ट संदर्भ देते हुए कहा कि महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री के घर पर हमला उनका मुंह बंद करने के लिए किया गया। राउत ने कहा, “पूरा मामला संदिग्ध है।”
एकनाथ खडसे के दामाद ड्रग्स पार्टी से गिरफ्तार
एकनाथ खडसे की बेटी रोहिणी खडसे के पति प्रांजल खेवलकर को 6 अन्य लोगों के साथ रविवार तड़के पुणे के एक अपार्टमेंट में चल रही ड्रग पार्टी पर पुलिस ने छापा मारा और वहां से नशीले पदार्थ, हुक्का सेट और शराब बरामद करने का दावा किया। रोहिणी खडसे एनसीपी (एसपी) महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष हैं।
राज्यसभा सदस्य ने कहा, “खडसे पिछले तीन दिनों से हनी ट्रैप की बात कर रहे हैं। वह इसमें (राज्य के कैबिनेट मंत्री) गिरीश महाजन की संलिप्तता की बात कर रहे हैं, लेकिन इसकी कोई जाँच नहीं हो रही है। अब जब खडसे बात कर रहे हैं, तो उनके दामाद को गिरफ्तार कर लिया गया है।” संजय राउत ने कहा कि महाराष्ट्र में ऐसी घटनाएं हर जगह हो रही हैं। उन्होंने पुलिस पर नौकर बनकर सरकार के खिलाफ बोलने वालों को निशाना बनाने का भी आरोप लगाया।
पढ़ें- कौन हैं एकनाथ खडसे के दामाद प्रांजल खेवलकर, जो रेव पार्टी में पकड़े गए?
खडसे और महाजन के बीच टकराव
महाजन ने हाल ही में खडसे पर एक कथित हनीट्रैप कांड के सिलसिले में निराधार आरोप लगाकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश करने का आरोप लगाया था। 2020 में तत्कालीन अविभाजित एनसीपी में शामिल होने के लिए भाजपा छोड़ चुके खडसे और महाजन के बीच टकराव कोई नई बात नहीं है। दोनों ही जलगांव जिले से ताल्लुक रखते हैं।
शिवसेना नेता राउत ने आरोप लगाया, “हमने इस सिद्धांत का पालन किया कि (राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों के) परिवार के सदस्यों को कभी घसीटा नहीं जाएगा। दुर्भाग्य से, भाजपा के लोग अब परिवार के सदस्यों को निशाना बना रहे हैं और उन्हें बदनाम कर रहे हैं।” उन्होंने दावा किया कि खडसे के दामाद की गिरफ्तारी के बाद, महाजन बस नाचने ही वाले थे।
संजय राउत ने बताया कि एनसीपी नेता और पूर्व मंत्री नवाब मलिक के दामाद को इसी तरह के एनडीपीएस (नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंसेज (एनडीपीएस) अधिनियम) मामले में गिरफ्तार किया गया था और अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को भी गिरफ्तार किया गया था। पढ़ें- महाराष्ट्र में OBC नेताओं को क्यों तरजीह दे रही कांग्रेस?
(इनपुट-पीटीआई)