सोनभद्र के दुद्धी से सपा विधायक विजय सिंह गोंड का गुरुवार को लखनऊ स्थित पीजीआई में निधन हो गया। वह 71 वर्ष के थे। विजय सिंह गोंड दुद्धी विधानसभा सीट से कुल आठ बार विधायक चुने गए। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उनके निधन पर दुख जताया है।

लखनऊ में मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के विधायक विजय सिंह गोंड हमारे बीच नहीं रहे। उन्होंने आदिवासी भाई-बहनों के बीच जीवनभर काम किया। इसी वजह से जनता ने हमेशा उनका साथ दिया। सपा और सपा के सभी साथी इस समय दुखी हैं। उनके जाने से पार्टी को जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई करना मुश्किल है। हम सभी समाजवादी लोग उनके परिवार के साथ हैं।

2018 वोटों से जीते आखिरी चुनाव

विजय सिंह गोंड लंबे समय से आदिवासी राजनीति का प्रमुख चेहरा रहे हैं। उन्होंने 1980 से 2002 तक लगातार सात बार दुद्धी से जीत दर्ज की। विजय सिंह गोंड आखिरी बार साल 2024 में उपचुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे।

इससे पहले वह साल 2017 में विधानसभा चुनाव हार गए थे। 2024 में उपचुनाव में विजय सिंह गोंड ने भाजपा प्रत्याशी श्रवण सिंह गोंड को 3018 मतों के अंतर से हराकर आठवीं बार विधायक बनने का रिकॉर्ड बनाया। इस चुनाव में विजय सिंह गोंड को 82,450 वोट मिले जबकि भाजपा प्रत्याशी श्रवण सिंह गोंड को 79,432 वोट प्राप्त हुए और बसपा प्रत्याशी रवि सिंह खरवार को 22,366 वोट मिले।

यह भी पढ़ें: ‘यूपी में 2.89 करोड़ मतदाताओं के कटेंगे नाम…’, अखिलेश यादव ने ब्राह्मण विधायकों की बैठक की ओर किया इशारा