आरटीआइ कार्यकर्ता सतीश शेट्टी की हत्या के मामले में सीबीआइ ने पुणे पुलिस के एक और अधिकारी को गिरफ्तार किया है। सतीश शेट्टी की छह साल पहले हत्या कर दी गई थी। स्थानीय अपराध शाखा में तैनात सहायक पुलिस निरीक्षक नामदेव सुखदेव कौठाले को सीबीआइ ने शेट्टी की हत्या के सिलसिले में गिरफ्तार किया है। स्थानीय अपराध शाखा के तत्कालीन पुलिस निरीक्षक बीआर अंधालकर से पूछताछ के दौरान उसकी भूमिका सामने आने के बाद कौठाले को गिरफ्तार किया गया। अंधालकर को 13 जनवरी, 2010 को शेट्टी की हत्या की साजिश में छह अप्रैल को गिरफ्तार किया गया था। सीबीआइ ने शुरू में इस मामले को बंद कर दिया था। लेकिन जब इस मामले में एजंसी को कुछ दस्तावेज हाथ लगे तो फिर से इस मामले को खोलने का फैसला किया गया।

ये दस्तावेज एक बिल्डर के दफ्तर और घर से जनवरी, 2015 में एक तलाशी के दौरान मिले थे। ये तलाशी बिल्डर के खिलाफ नवंबर 2014 में दर्ज एक अलग मामले में ली गई थी। शेट्टी की अज्ञात बदमाशों ने पुणे जिले के तालेगांव दभाड़े नगर में उस वक्त हत्या कर दी थी जब वे सुबह की सैर के लिए निकले थे। हमलावरों ने उन पर तलवारों से हमला किया था। हत्या से एक साल पहले शेट्टी ने पुणे पुलिस की अपराध शाखा में आइआरबी अध्यक्ष वीरेंद्र महस्कर की संलिप्तता वाले एक भूमि घोटाले की शिकायत दर्ज कराई थी।