जवाहलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के मसले की पृष्ठभूमि में जारी सियासी रस्साकशी के बीच सोमवार को यहां बेहद नाटकीय घटनाक्रम देखने को मिला। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर देशभक्ति के नाम पर महज जुबानी जमा.खर्च करने का आरोप लगाते हुए इस संगठन के शहर कार्यालय पर तिरंगा फहराया, जबकि संघ कार्यकर्ताओं ने इस दौरान यादव और अन्य कांग्रेस नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया।
यादव की अगुवाई में करीब 800 कांग्रेस कार्यकर्ता राजबाड़ा क्षेत्र में जमा हुए और जुलूस की शक्ल में संघ कार्यालय की ओर बढ़ने लगे। हालांकि, कुछ ही दूरी पर पुलिस ने पहले ही बड़ी संख्या में बल की तैनाती करते हुए बैरिकेड लगा रखे थे, जहां इस जुलूस को रोक लिया गया। बाद में प्रशासन ने यादव समेत करीब 20 कांग्रेस नेताओं को संघ के रामबाग स्थित शहर कार्यालय में प्रवेश की अनुमति दी। बहरहाल, कांग्रेस नेताओं का यह दल जब संघ कार्यालय के भीतर पहुंचा तो आश्चर्यचकित हो गया। संघ की ओर से कांग्रेस नेताओं का लाल कालीन बिछाकर और तिलक लगाकर स्वागत किया गया। भाजपा के धुर विरोधी दल के इन सियासी आगंतुकों के लिए चाय नाश्ते का इंतजाम भी किया गया। यादव ने संघ कार्यालय की छत पर पहले से फहरा रहे भगवा ध्वज के ठीक पास तिरंगा फहराया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं के साथ संघ के कुछ पदाधिकारी भी मौजूद थे।