Happy Birthday Tejashwi Yadav: आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे और बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव का आज (9 नवंबर) को जन्मदिन है। तेजस्वी यादव 33 बरस के हो चुके हैं उनके इस जन्मदिन को खास बनाने के लिए आरजेडी कार्यकर्ताओं ने पूरे प्रदेश में तैयारियां की हैं। तेजस्वी के इस जन्मदिन पर बिहार की दलित बस्तियों में बड़े आयोजन किए जाएंगे। तेजस्वी ने रात को ही अपने जन्मदिन का केक अपनी मां और बड़े भाई तेज प्रताप यादव के साथ काटा। इसके पहले तेजस्वी यादव ने अपना पिछला जन्मदिन जमीन से हजारों फुट की ऊंचाई पर प्राइवेट जेट में कुछ चुनिंदा मित्रों के साथ मनाया था।

तेजस्वी यादव के बड़े भाई तेज प्रताप यादव ने उनके जन्मदिन का केक काटने का वीडियो अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। तेज प्रताप यादव ने इस वीडियो के कैप्शन में लिखा है “हैप्पी बर्थ डे ब्रदर! आई लव यू!” इस वीडियो को जैसे ही तेज प्रताप ने सोशल मीडिया पर शेयर किया वैसे तेजस्वी यादव को जन्मदिन की बधाइयों के कमेंट्स आने लगे। केक काटने के दौरान वीडियो में तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री नहीं दिखाईं दीं क्योंकि वो इस समय दिल्ली में हैं। इसके पहले डिप्टी सीएम तेजस्वी को बिहार विधानसभा के अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी ने तेजस्वी यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी थीं।

जन्मदिन के मौके पर दलित बस्तियों में बड़े आयोजन की तैयारी

तेजस्वी यादव के जन्मदिन के मौके पर बिहार में आरजेडी कार्यकर्ताओं ने राज्य की दलित बस्तियों में बड़े आयोजन का इंतजाम किया है। तेजस्वी यादव के जन्मदिन को मनाने के लिए दलित बस्तियों में आज आरजेडी कार्यकर्ता सामूहिक भोज का आयोजन करेंगे। पटना के आरजेडी कार्यालय में तेजस्वी के जन्मदिन का केक काटा जाएगा।

साल 2019 में प्राइवेट जेट में काटा था बर्थडे केक

इसके पहले साल 2019 में आरजेडी नेता ने अपने कुछ चुनिंदा मित्रों के साथ अपना जन्मदिन एक प्राइवेट जेट में जमीन से हजारों फीट की ऊंचाई पर केक काटा था जब तेजस्वी ने प्राइवेट जेट में जन्मदिन मनाने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं तो वो ट्रोल भी हुए थे। तेजस्वी यादव ने ट्रोलर्स को जवाब देते हुए उस समय खुद को दूधवाला बताया था।