बिहार के मोकामा विधानसभा में उपचुनाव अगले महीने यानी तीन नवंबर 2022 को होगा। इसका नतीजा छह नवंबर को आयेगा। इस सीट पर किस दल से कौन प्रत्याशी होगा, यह कुछ ही दिनों में साफ हो जाएगा। अभी जो हालात है वह राजद के लिए पसोपेश वाली स्थिति बना रहे हैं।
मोकामा में 2020 के विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल के उम्मीदवार के तौर पर बाहुबली अनंत ने जीत हासिल की थी। अब उनको दस साल की सजा हो चुकी है। इसकी वजह से उनकी सदस्यता रद् हो गई है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि उनकी पत्नी नीलम सिंह प्रत्याशी हो सकती हैं। लेकिन वे किस पार्टी से होंगी, यह अभी साफ नहीं है। पिछला लोकसभा चुनाव वह जनता दल यू के मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह के खिलाफ लड़ा था।
दूसरी तरफ ललन सिंह और अनंत सिंह में आपसी संबंध बहुत खराब है। साथ ही जनता दल यू अब राष्ट्रीय जनता दल के साथ गठबंधन में है। पिछले चुनाव में जनता दल यू और भाजपा साथ-साथ थे। अब अलग होने से भाजपा भी अपना प्रत्याशी उतारेगी। इसलिए मुकाबला भी कड़ा होगा।
यह भी तय है कि अनंत सिंह जिसका समर्थन करेंगे, उसकी जीतने की संभावना भी ज्यादा रहेगी। यह तो तय माना जा रहा है कि उनकी पत्नी ही उनकी जगह चुनाव मैदान में उतरेंगी, लेकिन राजद के लिए यह मुश्किल हो रहा है कि उनको टिकट दें या नहीं।
बाहुबली नेता अनंत सिंह भले ही जेल में हैं, लेकिन उनका प्रभाव कायम हैं
वैसे भी मोकामा राष्ट्रीय जनता दल का गढ़ माना जाता है। बाहुबली नेता अनंत सिंह भले ही जेल में बंद हैं, लेकिन उनका प्रभाव तो यहां कायम है। समस्या सिर्फ जदयू अध्यक्ष ललन सिंह की वजह से है। मोकामा पटना जिले का हिस्सा है लेकिन इसका लोकसभा क्षेत्र मुंगेर लगता है। मुंगेर से ही ललन सिंह ने अनंत सिंह की पत्नी नीलम सिंह को पिछले लोकसभा चुनाव में हराकर मौजूदा सांसद हैं। इसके साथ ही वह इस समय जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं।
हालांकि चुनावी प्रक्रिया इसी महीने शुरू हो रही है और नामांकन का कार्य भी अगले कुछ दिनों में आरंभ होने जा रहा है। कौन प्रत्याशी किस दल से होगा, यह सब कुछ ही दिनों में साफ हो जायेगा।