Karnataka Elections : केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कर्नाटक के लोगों से आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को स्पष्ट बहुमत दिलाने की अपील की है। उन्होने कहा कि राज्य में भाजपा को स्पष्ट बहुमत दिलाने का सपना पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा का है और मेरा आपसे आग्रह है कि इसे पूरा करें।
राजनाथ सिंह ने कहा यह येदियुरप्पा की इच्छा थी कि भाजपा कर्नाटक में स्पष्ट बहुमत हासिल करे, जो वह (अब तक) करने में असमर्थ रही है। इस चुनाव में भाजपा को न केवल बहुमत हासिल करना चाहिए, बल्कि दो-तिहाई बहुमत भी हासिल करना चाहिए। वह बेलागवी के नंदगढ़ गांव में विजय संकल्प रथ यात्रा के दौरान एक रैली को संबोधित कर रहे थे।
राजनाथ सिंह ने की पूर्व मुख्यमंत्री की तारीफ
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस दौरान कहा क भाजपा येदियुरप्पा द्वारा कर्नाटक को दी गई सेवाओं को कभी नहीं भूल सकती। स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों के रहते बीएस येदियुरप्पा को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। इसके बाद बसवराज बोम्मई जुलाई 2021 में कर्नाटक के मुख्यमंत्री बने थे। एच डी कुमारस्वामी के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार गिरने के बाद येदियुरप्पा दो साल तक मुख्यमंत्री रहे।
राजनाथ सिंह ने कहा कि चूंकि उन्होंने लंबे समय तक कर्नाटक के लोगों के लिए काम किया था, इसलिए वह सत्ता से संन्यास लेना चाहते थे। बोम्मई को नियुक्त किया गया था क्योंकि येदियुरप्पा एक ऐसा नेता चाहते थे जो सरल, मजबूत और निर्णायक हो।
कर्नाटक के लोगों को उनके फैसले का सम्मान करना चाहिए। जैसे ही येदियुरप्पा ने पद छोड़ने का फैसला किया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूरे संसदीय बोर्ड ने फैसला किया कि उन्हें (बोर्ड का) सदस्य बनाया जाए। आप उनके सपने को पूरा करिए और भाजपा को आगामी चुनाव में स्पष्ट बहुमत से सत्ता में लाइए।
पूर्वोत्तर के तीन राज्यों के चुनाव परिणामों पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि इन परिणामों का कर्नाटक के चुनावों पर असर पड़ेगा। राजनाथ सिंह ने कहा कि त्रिपुरा और नागालैंड में भाजपा फिर से सरकार बना रही है, जबकि मेघालय में भाजपा विधायकों द्वारा जीती गई सीटों की संख्या में वृद्धि हुई है।