उत्तर प्रदेश उपचुनाव में सपा की हार के बाद सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को नसीहत देते रहे हैं। कई मर्तबा उन्होंने अखिलेश को एसी से निकलकर जनता के बीच जाने की बात कही है। वहीं अखिलेश यादव भी ओपी राजभर को सलाह न देने की बात कह चुके हैं। इन तमाम विवादों के बाद एक बार फिर से ओपी राजभर ने अखिलेश यादव निशाने पर लिया है। वहीं भाजपा की तरफ से उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार धनखड़ को लेकर राजभर ने कहा कि यह विषय भारतीय जनता पार्टी का है। यह हमारा विषय नहीं है।

राजभर ने अखिलेश यादव की तरफ इशारा करते हुए कहा कि सही सलाह देनी चाहिए लोग माने या न माने। उन्होंने कहा कि हम सच के सिवा कुछ नहीं बोलते हैं। हम अपने बयानों पर कायम रहते हैं। शशि प्रताप सिंह के पार्टी से हट जाने के सवाल पर राजभर ने कहा कि समुद्र में से एक गिलास पानी निकाल लीजिए तो कितना फर्क पड़ेगा।

अखिलेश यादव से टूटेगा गठबंधन तब मायावती का खटखटाएंगे दरवाजा: राजभर
अखिलेश यादव के साथ गठबंधन टूटने के सवाल पर राजभर ने कहा कि अभी हम अखिलेश के साथ हैं। जिस दिन अखिलेश यादव कह देंगे आप जाओ। उसके बाद बसपा प्रमुख मायावती का दरवाजा खटखटाएंगे।

राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू को वोट देगी सुभासपा
राष्ट्रपति चुनाव को लेकर राजभर ने द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने की बात कही। उन्होंने कहा कि एक आदिवासी महिला को सर्वोच्च कुर्सी पर बैठाया जा रहा है। जो बाबा साहेब अंबेडकर का सपना है। उन्होंने कहा कि तमाम नेता दल से ऊपर उठकर एनडीए की राष्ट्रपति की उम्मीदवार का समर्थन कर रहे हैं। उद्धव ठाकरे और मायावती भी तो द्रौपदी मुर्मू का समर्थन कर रही हैं। राजभर ने कहा कि मेरी पार्टी ने खुले तौर पर प्रेस वार्ता कर द्रौपदी मुर्मू को समर्थन दिया है।

शिवपाल के बयान का राजभर ने किया समर्थन
राजभर से सवाल किया गया कि यशवंत सिन्ह ने मुलायम सिंह यादव को आईएसआई का एजेंट कहा था। इसको लेकर शिवपाल यादव ने एक पत्र जारी किया है। इस पर आप क्या कहेंगे। इस सवाल के जवाब में राजभर ने कहा कि यह सवाल अखिलेश से होना चाहिए, जो शिवपाल यादव ने कहा है, वो सही कहा है। यशवंत सिन्हा का यह बयान रहा होगा। इसको सभी ने सुना है। हमने भी सुना है।