राजस्थान में आज का दिन काफी अहम है। आज शाम 7 बजे कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। दरअसल अशोक गहलोत कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरेंगे और आने वाले समय में वह कांग्रेस अध्यक्ष बन सकते हैं। कांग्रेस के सिद्धांत के अनुसार एक आदमी के पास एक ही पद रहेगा, इसलिए अब अशोक गहलोत को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना होगा। शाम 7 बजे विधायक दल की बैठक है और कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बैठक के लिए दिल्ली से दो ऑब्जर्वर पर भेजे हैं।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और अजय माकन को विधायक दल की बैठक के लिए ऑब्जर्वर के तौर पर भेजा गया है। वहीं राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार में मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने एक समाचार चैनल से बात करते हुए कहा कि आलाकमान का जो भी फैसला होगा वह हम सब को स्वीकार होगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने भी ‘एक पद-एक व्यक्ति’ के सिद्धांत को लागू करने की बात कही है और अशोक गहलोत ने भी कहा है कि अगर वो राष्ट्रीय अध्यक्ष बनते हैं तो उनके पास पूरे देश की जिम्मेदारी होगी।

प्रताप सिंह खाचरियावास ने आजतक समाचार चैनल से बात करते हुए कहा, “सोनिया गांधी जी हमारी राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और उनके और राहुल गांधी के आदेश पर हमारे पर्यवेक्षक आ रहे हैं और वह हम सभी करीब 125 विधायकों की राय जानेंगे। राहुल गांधी जी का पहले ही बयान ‘एक पद-एक व्यक्ति’ के सिद्धांत पर आ चुका है और अशोक गहलोत भी कह चुके हैं कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बड़ी पोस्ट है और वह ‘एक पद-एक व्यक्ति’ के सिद्धांत पर अमल करेंगे। इसके बाद यह तय हो गया कि ‘एक पद-एक व्यक्ति’ का सिद्धांत लागू हो रहा है।”

प्रताप सिंह ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर कहा कि आज पूरा देश राहुल गांधी की तरफ देख रहा है। भारत जोड़ो यात्रा को जनता का खूब समर्थन मिल रहा है और जनता को लग रहा है कि पहली बार कोई व्यक्ति आटे, दाल, तेल के लिए उनकी आवाज उठा रहा है।

प्रताप सिंह ने राजस्थान के नए मुख्यमंत्री के चयन को लेकर कहा, “हमने भी सुबह अखबार में पढ़ा कि कई नाम चर्चा में चल रहे हैं। लेकिन हमारे यहां एक सिस्टम है और आलाकमान फैसला करेगा। राजस्थान से कांग्रेस को राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलने जा रहा है। सोनिया गांधी जी और अशोक गहलोत जी के बीच क्या बातचीत हुई, इसको मैं नहीं जानता। लेकिन आलाकमान जो भी निर्णय करेगा, सभी विधायकों का समर्थन करना उसकी जिम्मेदारी होगी।”

बीजेपी पर निशाना साधते हुए प्रताप सिंह ने कहा कि बीजेपी के जुल्म के खिलाफ पार्टी आलाकमान ऐसा निर्णय लेगा, जो बीजेपी के लिए चुनौती बनेगा। उन्होंने कहा कि देश की सरकार की आंखों में राजस्थान सरकार किरकिरी बनी हुई है। प्रताप सिंह ने कहा कि पार्टी आलाकमान जिसको भी मुख्यमंत्री पद के लिए पसंद करेगा, वही हमारी पसंद भी होगी, इसमें कोई दो राय नहीं है।