Rajasthan Political Crisis: राजस्थान कांग्रेस में जारी घमासान के बीच आरएलपी (RLP) नेता हनुमान बेनीवाल का बड़ा बयान सामने आया है। बेनीवाल ने कहा कि सचिन पायलट अगर अलग पार्टी बनाते हैं तो हम उनसे गठबंधन के लिए तैयार हैं। सचिन पायलट इस वक्त अपनी ही सरकार के खिलाफ राजस्थान में ‘जन संघर्ष यात्रा’ निकाल रहे हैं।

‘जन संघर्ष यात्रा’ के दूसरे दिन कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने अजमेर में कहा, ‘भ्रष्टाचार कहां नहीं होता, लेकिन आप उसे हटाने के लिए कितने कदम उठा रहे हैं। पेपर लीक की जब जांच हो रही थी तब बयान आया कि इसमें न कोई नेता शामिल है न कोई अधिकारी। बिना जांच खत्म किए अगर हम पहले ही घोषित कर देंगे तो क्या जांच रह जाएगी?’

सचिन पायलट बोले- राजनीति आग का दरिया है

अजमेर में जनसभा में पायलट ने कहा कि राजनीति आग का दरिया है और तैर कर जाना है। जनता ने लूटने का लाइसेंस किसी को नहीं दिया है। यह यात्रा भ्रष्टाचार के खिलाफ है। पूर्व की वसुंधरा राजे सरकार में 40 हजार करोड़ रुपये के घोटाले हुए। हमने जनता से वादा किया था कि सत्ता में आने पर जांच कराएंगे, लेकिन साढ़े तीन वर्ष तक गहलोत सरकार ने जांच नहीं कराई। मैंने उनको कई पत्र लिखे। अनशन किया और अब पदयात्रा पर निकलनी पड़ रही है।

गहलोत और वंसुधरा का गठजोड़ है: हनुमान बेनीवाल

नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल गुरुवार को जोधपुर दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने बीजेपी नेता वसुंधरा राजे पर जमकर निशाना साधा। सांसद ने कहा कि प्रदेश के लोगों में वसुंधरा राजे का क्रेज खत्म हो गया है। बेनीवाल ने कहा कि गहलोत और वसुंधरा का गठजोड़ है, जो अब खुलकर जनता के सामने आ गया है। बेनीवाल ने कहा कि प्रदेश में वसुंधरा राजे का कोई क्रेज नहीं है। लोग वसुंधरा के साथ सेल्फी लेने से भी कतराते हैं और नागौर के खरनाल में वसुंधरा राजे की सभा में महज 150 लोगों की उपस्थिति यह इशारा कर रही है कि जनता के मन में अब वसुंधरा के प्रति कोई लगाव नहीं रहा।

सचिन पायलट अलग पार्टी बनाएं, हम गठबंधन के लिए तैयार: बेनीवाल

हनुमान बेनीवाल ने कहा, ‘मैं साल 2009 से वसुंधरा राजे और अशोक गहलोत के आपसी गठजोड़ के आरोप लगा रहा हूं। अब अशोक गहलोत ने सार्वजनिक रूप से यह स्वीकार किया है कि वसुंधरा राजे ने उनकी सरकार बचाने में मदद की। बेनीवाल ने कहा कि नरेंद्र मोदी द्वारा बार-बार अशोक गहलोत को अपना मित्र बताना भी इस बात का संकेत है कि भाजपा और कांग्रेस मिले हुए हैं। गठबंधन से जुड़े सवाल पर बेनीवाल ने कहा कि सचिन पायलट अगर-अलग पार्टी बनाते हैं, तो भाजपा और कांग्रेस के खिलाफ लड़ाई लड़ने के लिए पायलट के साथ गठबंधन का रास्ता खुला है।