राजस्थान में पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव के नतीजे आने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य में कांग्रेस से बेहतरीन प्रदर्शन का दावा किया था। अब राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि भाजपा झूठ ना फैलाए, कांग्रेस को बीजेपी से 0.29% ज्यादा वोट मिले हैं। अशोक गहलोत ने ट्वीट करते हुए कहा कि ‘राजस्थान में आये जिला परिषद, पंचायत समिति चुनाव परिणाम को लेकर BJP हाईकमान के आदेश पर किसान आंदोलन को फीका करने के लिये केंद्रीय मंत्रियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर झूठ फैलाया है। BJP नतीजों को अपनी बड़ी जीत की तरह प्रदर्शित कर रही है जो आंकड़ों के विश्लेषण में गलत साबित होता है। 21 जिलों की 222 पंचायत समितियों पर हुये मतदान में से कांग्रेस को भाजपा से ज्यादा मत मिले हैं। कांग्रेस को 40.87% वोट मिले हैं जबकि बीजेपी को 40.58% वोट ही मिले हैं। कांग्रेस को बीजेपी से 0.29% ज्यादा वोट मिले हैं।’
उन्होंने कहा कि 222 पंचायत समितियों में बीजेपी और कांग्रेस के 98-98 और अन्य पार्टियों के 26 प्रधान चुने गये हैं। जबकि साल 2015 में इन्हीं पंचायत समितियों में बीजेपी के 112 और कांग्रेस के 67 प्रधान थे। कांग्रेस के प्रधानों की संख्या पहले से 31 बढ़ी है जबकि बीजेपी के प्रधानों की संख्या 14 कम हुई है। मुख्यमंत्री ने बताया है कि साल 2015 में इन 21 जिला परिषदों में बीजेपी को 48.87% वोट मिले थे लेकिन इस बार सिर्फ 43.81% वोट ही बीजेपी को मिले हैं, जो पिछली बार से 5 प्रतिशत कम हैं। सीएम ने बताया कि कांग्रेस को 42.76% वोट प्राप्त हुये हैं, जो बीजेपी से महज 1.05% प्रतिशत कम हैं।
सीएम गहलोत ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान राजस्थान सरकार का पूरा ध्यान महामारी की रोकथाम पर था। इसलिये कांग्रेस ने प्रदेश स्तर और केंद्रीय स्तर के नेताओं को इन चुनावों में प्रचार करने के लिये नहीं भेजा। जिससे भीड़ इकट्ठा ना हो और इस महामारी का फैलाव रुक सके। वहीं भाजपा के केंद्रीय मंत्री तक इन चुनावों में प्रचार के लिये उतर गये।
आपको बता दें कि राज्य की अशोक गहलोत सरकार को शुक्रवार को झटका भी लगा है। भारतीय ट्राइबल पार्टी (BTP) ने गहलतो सरकार से अपना समर्थन वापस ले लिया है। पार्टी के 2 विधायकों ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस ने पंचायत चुनाव में उनका साथ नहीं दिया था।