राजस्थान के भरतपुर से भाजपा सांसद रंजीता कोली के वाहन पर अज्ञात लोगों ने इंटों व सरिए से हमला किया। पुलिस का कहना है कि यह घटना गुरुवार देर रात को हुई।
पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि इस घटना में सांसद कोली को कोई चोट तो नहीं आई लेकिन वह अचेत हो गईं तथा उन्हें आरबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस के अनुसार यह घटना उस समय हुई जबकि सांसद जिले के वैर इलाके में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करने जा रही थीं।
पुलिस के मुताबिक, धोरीसाना गांव के पास 4-5 लोग एक वाहन के साथ खड़े थे। उन्होंने सांसद के वाहन को रोकने का प्रयास किया लेकिन जब चालक ने वाहन नहीं रोका तो उन्होंने ईंटों व लोहे के सरिए से हमला किया।
Rajasthan | Bharatpur MP Ranjeeta Koli’s car attacked allegedly by miscreants in Dharsoni village during her visit to a health facility.
“While going to Weir health centre around 11.30 pm, suddenly 5-6 people came & attacked my car and also pelted stones,” she said (27.05) pic.twitter.com/rDApmj98hJ
— ANI (@ANI) May 28, 2021
इस बारे में कोली के चालक की ओर से हालेना थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया है। भरतपुर से विधायक सुभाष गर्ग ने कहा कि पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों से कहा गया है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
वहीं राज्य के भाजपा नेताओं ने इस मुद्दे को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां ने कहा, ‘’भरतपुर जिले की कल रात की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है, जो राजस्थान के पुलिस-प्रशासन पर कई सवाल खड़े करती है।’’
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस सरकार की बदहाल कानून-व्यवस्था का इससे बड़ा सबूत और क्या हो सकता है कि प्रदेश में सांसद तक सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने एक बयान में कहा, ‘’राज्य सरकार आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलवाए ताकि आमजन का सरकार व पुलिस पर से उठ चुका विश्वास वापस कायम हो सके।’’