दिल्ली के सफदरजंग में 0.5 व पालम में 3.8 मिलीमीटर बारिश हुई। इससे लोगों को तेज गर्मी से कुछ राहत मिली। बारिश के कारण सड़कों पर जाम दिखा। मौसम विभाग ने दिन में दिल्ली के अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि का अनुमान जताया था। हालांकि खबर लिखे जाने तक इसकी सूचना नहीं मिली थी। विभाग ने यह भी कहा कि अगले कुछ दिन तक आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि दिल्ली के पालम में 55.5 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चली, जबकि सफदरजंग में इसकी रफ्तार 18.5 किमी प्रतिघंटा दर्ज की गई। बारिश व हवाओं के तालमेल से तापमान भी लुढ़का और अधिकतम तापमान गिरकर 36.3 डिग्री दर्ज किया गया। औसत से कई डिग्री ऊपर चल रहा तापमान औसत से एक डिग्री नीचे चला गया। वहीं न्यूनतम तापमान औसत से दो डिग्री ऊपर 23.4 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कहा का कि एक दो दिन राहत के बाद फिर तापमान में इजाफा हो सकता है।
वहीं निजी वेबसाइट स्काईमेट वेदर सर्विसेज के मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने कहा कि ग्रेटर नोएडा और गुरुग्राम के कुछ हिस्सों में मध्यम हवाओं के साथ बारिश और गरज के साथ बूंदाबांदी होने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) के बुलेटिन के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बुलेटिन में कहा गया है कि शाम साढ़े पांच बजे हवा में नमी का स्तर 33 फीसद था। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों से पता चलता है कि 159 के औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) के साथ हवा की गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में दर्ज की गई। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे पंजाब पर बना हुआ है।
पिछले 24 घंटों के दौरान, जम्मू-कश्मीर, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। इन राज्यों के ऊपरी इलाकों में छिटपुट बर्फबारी हुई। हरियाणा, सिक्किम, असम, मेघालय, नागालैंड व मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़े।मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, केरल और मराठवाड़ा और दक्षिण गुजरात में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़े। पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों, गुजरात और महाराष्ट्र के आंतरिक हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 और 44 डिग्री के दायरे में रहा।