भाजपा नेता तजिंदरपाल सिंह बग्गा की गिरफ्तारी के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी और भाजपा सरकार आमने-सामने हैं। वहीं, इस मामले में पंजाब और दिल्ली की पुलिस भी एक-दूसरे के आमने-सामने आ गई है। इसको लेकर कांग्रेस पार्टी ने आम आदमी पार्टी और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को आड़े हाथों लिया है।
कांग्रेस की पंजाब यूनिट के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा ने ट्वीट कर आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, “भाजपा और आम आदमी पार्टी की लड़ाई में पंजाब पुलिस को मोहरे के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। भगवंत मान साहब, हमारी पुलिस को और अपमान से बचाएं। केजरीवाल जी अपनी लड़ाई दिल्ली में लड़ें, इसमें पंजाब को क्यों शामिल कर रहे हैं?
इसके पहले, कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने भी बग्गा की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया दी थी। सिद्धू ने भाजपा नेता की गिरफ्तारी का विरोध करते हुए दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा था। कांग्रेस नेता ने ट्वीट कर कहा था, “तजिंदर बग्गा किसी दूसरी पार्टी से हो सकते हैं और उनकी विचारधारा भी अलग हो सकती है, लेकिन जिस तरीके से अपने फायदे के लिए पंजाब पुलिस का इस्तेमाल किया जा रहा है और उसे राजनीतिक हथकंडा बनाया जा रहा है, ये उचित नहीं है।
कांग्रेस नेता ने भगवंत मान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि पंजाब पुलिस की छवि को खराब करने का काम नहीं करना चाहिए और न ही उनका इस्तेमाल के लिए किया जाना चाहिए।
बग्गा की गिरफ्तारी को लेकर पंजाब पुलिस की हुई किरकिरी
बता दें कि भाजपा नेता बग्गा की गिरफ्तारी के बाद हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला था। पंजाब पुलिस दिल्ली से बग्गा को गिरफ्तार कर मोहाली ले जा रही थी। लेकिन कुरुक्षेत्र में हरियाणा पुलिस ने उनको रोक लिया था। काफी देर तक चले ड्रामे के बाद बग्गा को दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया था। पूरे मामले में पंजाब पुलिस की किरकिरी हो रही है। दूसरी तरफ, लगातार आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच जुबानी जंग देखने को मिल रही है।
