Punjab Civic Body Elections: पंजाब में आज 8 नगर निगम, 109 नगर परिषदों और नगर पंचायतों के लिए चुनाव हुए। मतदान सुबह 8 बजे शुरू हुआ था जो शाम 4 बजे तक चला। अब वोटों की गिनती 17 फरवरी को होगी। 17 फरवरी को सुबह 9 बजे से वोटों की गिनती की जाएगी। नगर निकाय के 2,302 वार्डों के लिए कुल 9,222 उम्मीदवार मैदान में हैं। राज्य में मतदान के दौरान जलालाबाद के वार्ड नंबर 4 के एक बूथ पर कुछ युवकों ने वोटिंग के दौरान गड़बड़ी करने की कोशिश की। यह लोग जाली वोट डालना चाहते थे, हालांकि पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया। रायकोट के वार्ड नंबर 14 मे आम आदमी पार्टी के जिला दलित विंग प्रधान बलौर सिंह ने सत्तारुढ़ कांग्रेस पार्टी पर चुनाव में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया। इसके बाद उन्होंने पुलिस कप्तान को ज्ञापन भी दिया।

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राजपुरा में कांग्रेस पर बूथों पर कब्जा करने का आरोप लगा है। आरोप है कि सभी पार्टियों के एजेंटों को बाहर निकाल उनसे मारपीट की गई और मशीनों के बटन दबाए गए।  बठिंडा में भाजपा नेता सुखपाल सिंह सरां ने आरोप लगाया कि वार्ड नंबर 14 में अंकुर और सतीश नामक व्यक्ति वोट डालने पहुंचे तो पोलिंग स्टाफ ने जब उनका नाम चेक किया तो वोटर सूची में उनका नाम नहीं था। इसके बाद पोलिंग स्टाफ ने दोनों लोगों को पुलिस के हवाले कर दिया।

रोपड़ के वार्ड नंबर 14 में अकाली दल के कार्यकर्ताओं और कांग्रेसी समर्थकों के बीच भिड़ंत हो गई। वहीं बटाला के एक मतदान केंद्र पर कांग्रेस और निर्दलीय कैंडिडेट के समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हो गयी। अमृतसर के वार्ड नंबर 37 के चुनाव में लोगों ने कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार द्वारा सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर मतदाताओं पर दवाब डालने का आरोप लगाया। इस दौरान लोगों ने जमकर पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।

पुलिस ने सुबह ही अकाली दल के कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया था जिससे अकाली कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ गई। अकाली कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस अधिकारी उनके समर्थकों को डरा-धमका रहे हैं। इस वार्ड में अकाली दल के उम्मीदवार इंद्र जीत सिंह पंडोरी और कांग्रेस के उम्मीदवार गगनदीप सिंह शहजरा के बीच मुकाबला है।

Live Blog

Highlights

    16:10 (IST)14 Feb 2021
    पंजाब चुनाव: भाजपा नेता ने लगाया बड़ा आरोप

    बठिंडा में भाजपा नेता सुखपाल सिंह सरां ने आरोप लगाया कि वार्ड नंबर 14 में अंकुर और सतीश नामक व्यक्ति वोट डालने पहुंचे तो पोलिंग स्टाफ ने जब उनका नाम चेक किया तो वोटर सूची में उनका नाम नहीं था। इसके बाद पोलिंग स्टाफ ने दोनों लोगों को पुलिस के हवाले कर दिया। भाजपा नेता ने बताया कि इन दोनों के बारे में प्रोजिडिंग अफसर ने भी लिखित में पुलिस को दे दिया लेकिन उसके बावजूद पुलिस ने उन पर कोई कार्रवाई नहीं की।  भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि मामले के कुछ देर बाद वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल मौके पर पहुंचे और फर्जी वोट डालने आए दोनों लोगों को छुड़वाकर ले गए। उन्होंने आरोप लगाया कि मनप्रीत बादल निगम चुनाव को फर्जी वोटों से जीतना चाहते हैं और शहर में पूरी तरह से कांग्रेस के गुंडों ने वोटरों में दहशत का माहौल बना दिया। 

    15:15 (IST)14 Feb 2021
    राजपुरा में कांग्रेस नेताओं पर बूथ को कब्जा करने का आरोप

    सोहाना में फर्जी वोटर पकड़ा गया है। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। वहीँ राजपुरा में कांग्रेस नेताओं पर बूथ को कब्जा करने का आरोप लगा है। लोगों ने  आरोप लगाते हुए कहा है कि पहले सभी पार्टियों के एजेंटों को बाहर निकाल उनसे मारपीट की गई और उसके बाद मशीनों के बटन दबाए गए। फिरोजपुर के वार्ड नंबर 17 में भी कांग्रेसी और अकाली आपस में भिड़ गए। आरोप है कि अकालियों का स्टाल तोड़ दिया गया था।

    14:21 (IST)14 Feb 2021
    पंजाब के निकाय चुनाव में 12 बजे तक 37.01 % मतदान

    बरनाला में दोपहर 12 बजे तक करीब 36.63 फीसदी मतदान हुआ है। वहीँ तपा में 43.54, धनौला 43.57 और भदौड़ में 47 फीसदी मतदान हुआ। पूरे पंजाब में निकाय चुनाव में 12 बजे तक औसत 37.01 % मतदान हुआ। सबसे ज्यादा वोटिंग बठिंडा में हुई है। बठिंडा में अभी तक 48.42% वोट गिरे हैं। वहीँ सबसे कम मतदान संगरूर में हुआ है। संगरूर में 12 बजे तक सिर्फ 30.7% मतदान हुआ है।

    13:01 (IST)14 Feb 2021
    पंजाब निकाय चुनावों में 50 फीसदी सीट महिलाओं के लिए आरक्षित

    नगर निकाय के 2,302 वार्डों के लिए कुल 9,222 उम्मीदवार मैदान में हैं। कुल उम्मीदवारों में से 2,832 निर्दलीय के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि सबसे ज्यादा 2,037 सत्ताधारी कांग्रेस के और 1,569 अकाली दल के उम्मीदवार हैं। भारतीय जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी और बसपा के उम्मीदवारों की संख्या क्रमश: 1,003, 1,606 और 160 है।  पंजाब में नगर निकाय चुनाव के लिए कुल 39,15,280 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें 20,49,777 पुरुष, 18,65,354 महिला और 149 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। इन चुनावों में 50 फीसदी सीट महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।

    12:40 (IST)14 Feb 2021
    रोपड़ में दो गुटों के बीच झड़प

    रोपड़ के वार्ड नंबर 14 में मतदान केंद्र के पास अकाली और कांग्रेसी समर्थकों के बीच भिड़ंत हो गई।

    11:56 (IST)14 Feb 2021
    अबोहर में 10 बजे तक गिरे 13 प्रतिशत वोट

    फरीदकोट में सुबह दस बजे तक 13.50%  मतदान हुआ। जैतो में 18 फीसदी और कोटकपूरा में 16.12 फीसदी मतदान हो चुका है। अबोहर में 10 बजे तक करीब 13 प्रतिशत लोगों ने वोट डाले। वहीं रायकोट नगर कउंसिल के 15 वार्ड में वोटिंग फिलहाल शांतिपूर्ण तरीके से चल रही है। हालाँकि कोहरा ज्यादा होने के कारण लोग कम संख्या में घर से बाहर निकल रहे हैं। सुनाम में दस बजे तक करीब 10.23 फीसदी मतदान हुआ।

    11:27 (IST)14 Feb 2021
    निकाय चुनाव के मद्देनजर पंजाब में दो दिन रहेगा ड्राई डे

    पंजाब में आठ नगर निगमों और 109 नगर परिषदों और नगर पंचायतों के लिए मतदान हो रहा है। शांतिपूर्ण मतदान को करवाने के लिए कुल 30 आईएएस, पीसीएस अधिकारियों को बतौर पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी सूचना के अनुसार मतदान और मतगणना के दिन पंजाब में शराब की दुकानें बंद रहेंगी। 14 फरवरी को मतदान और 17 फरवरी को होने वाली मतगणना के लिए दोनों दिन ड्राई-डे घोषित किया गया है।

    11:02 (IST)14 Feb 2021
    मतदान के लिए इस्तेमाल किए जा रहे हैं करीब 7,000 इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन

    राज्य निर्वाचन आयोग ने निकाय चुनाव के लिए 4,102 मतदान केंद्र बनाए हैं जिनमें से 1,708 को संवेदनशील और 861 को अति-संवेदनशील घोषित किया गया है। राज्य चुनाव आयोग के प्रवक्ता ने कहा कि शाम चार बजे तक मतदान केंद्र में प्रवेश करने वाले मतदाताओं को मतदान करने दिया जाएगा।मतदान के लिए लगभग 7,000 इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) लगाई गई हैं।

    10:58 (IST)14 Feb 2021
    निकाय चुनाव के लिए तैनात किए गए 19000 पुलिसकर्मी

    पंजाब सरकार ने निकाय चुनाव के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। निकाय चुनाव में मतदान के लिए करीब 19000 पुलिसकर्मियों को मतदान केंद्रों पर तैनात किया गया है। साथ ही मतदान के काम को सुचारू रूप से चलाने के लिए करीब 20 हजार 510 कर्मचारियों को लगाया गया है। अलग अलग इलाकों में वोट सुबह 8 बजे से ही गिरने शुरू हो गए हैं।

    10:07 (IST)14 Feb 2021
    घने कोहरे के बावजूद पंजाब में मतदाताओं का उत्साह चरम पर

    रविवार को पंजाब में घना कोहरा छाया रहा। घने कोहरे के बावजूद मतदाताओं का उत्साह चरम पर है और वृद्धजन भी मतदान के लिए लाइन में खड़े हैं। पंजाब में निकाय चुनाव में कुल 2302 वॉर्डों के लिए करीब 9222 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इसके लिए राज्यभर में कुल 4102 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं

    09:30 (IST)14 Feb 2021
    निष्पक्ष तरीके से हो रहा है मतदान: कांग्रेस नेता सुनील जाखड़

    पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने निकाय चुनाव मतदान को लेकर कहा है कि पूरे प्रदेश में चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष तरीके से चल रही है और राज्य सरकार इसमें किसी भी तरह से दखल नहीं दे रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में अपनी हार का ठीकरा दूसरों के सिर पर फोड़ने के लिए अकाली दल, भाजपा व आप के नेता चुनावों में मारपीट के झूठे आरोप लगा रहे हैं।