पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान मुख्यमंत्री बनने के बाद से ही सुर्ख़ियों में बने हुए हैं। कई बार सीएम मान अपने फैसलों को लेकर सुर्ख़ियों में बने रहते हैं तो कई कई बार भगवंत मान पर आरोप लगता है कि वो सिर्फ एक मोहरा हैं और पंजाब सरकार को दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविन्द केजरीवाल चला रहे हैं। पंजाब सरकार पर विपक्ष ये भी आरोप लगाता रहता है कि प्रशासन भगवंत मान के दबाव में काम कर रहा है।

वहीं अब नया विवाद संगरूर से एसएसपी ने खड़ा कर दिया है। दरअसल मुख्यमंत्री भगवंत मान संगरूर में एक कार्यक्रम में पहुंचे थे और इस दौरान संगरूर के एसएसपी मंदीप सिंह सिद्धू ने भगवंत मान के समर्थन में नारे और जयकारे लगाए। सोशल मीडिया पर भी एसएसपी के इस कृत्य पर लोगों ने विरोध किया। बता दें कि कोई भी प्रशासनिक व्यक्ति किसी नेता के समर्थन में नारेबाजी नहीं कर सकता।

ट्विटर पर हिमांशु पाठक नाम के यूजर ने एसएसपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने ट्वीट कर वीडियो शेयर किया और लिखा, “इस संगरूर एसएसपी मनदीप सिंह सिद्धू ने सीएम भगवंत मान के पक्ष में नारे लगाकर भारतीय पुलिस सेवा को बदनाम किया है। आईपीएस को पीएम को सलामी भी नहीं देनी चाहिए, अगर वह राजनीतिक या चुनावी कार्यक्रम में हैं। भारत सरकार, गृह मंत्रालय और पंजाब के डीजीपी को इसका संज्ञान लेना चाहिए।”

बता दें कि इसके पहले भगवंत मान अपने गुजरात दौरे के दौरान सुर्ख़ियों में आये थे। दरअसल 1 अप्रैल से लेकर 3 अप्रैल तक भगवंत मान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल के साथ गुजरात दौरे पर थे और पंजाब के सिविल एविएशन विभाग को करीब 45 लाख रुपये का बिल भेजा गया था। ये बिल उस एयरक्राफ्ट के लिए था जिसे भगवंत मान ने अपने दौरे के लिए उपयोग किया था।

संगरूर से ही भगवंत मान दो बार लोकसभा सांसद चुने गए थे। लेकिन सीएम बनने के बाद भगवंत मान को लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा देना पड़ा जिस कारण ये सीट खली हो गई और अब यहाँ पर उपचुनाव होने वाले हैं।