लुधियाना के सिविल अस्पताल में दिल को दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मारपीट के बाद इलाज कराने अस्पताल में आए 15 साल के सावन कुमार की कुछ युवकों ने गुरुवार देर रात हत्या कर दी। हत्या उस समय की गई जब वो सिविल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में अपना इलाज कराने के लिए आया था।
इमरजेंसी वार्ड में हुए हमले के दौरान डॉक्टरों समेत सारा स्टाफ वहां से भाग निकला। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद आराम से वहां से फरार हो गए। बताया जाता है कि हथियारों से लैस नौजवान वहां पहुंचे तो सावन उनसे बचने के लिए इमरजेंसी वार्ड में घुस गया। हमलावरों ने इमरजेंसी वार्ड में अंदर घुसकर तेजधार हथियार से ताबड़तोड़ वार किए और उसकी हत्या कर दी। पुलिस आयुक्त कौस्तुभ शर्मा का कहना है कि अस्पताल के बाहर बनी चौकी में तीन मुलाजिम तैनात थे पर वारदात के समय कोई भी ड्यूटी पर नहीं था। केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
पुलिस ने सावन के जीजा राजवीर की शिकायत पर विशाल, साहिल, अभिषेक उर्फ खैचू, अंकुर, मनु, विकास, साहिल और एक अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। राजवीर का कहना है कि तकरीबन 15 हथियारबंद लोगों ने वारदात को अंजाम दिया।
बताया जाता है कि सावन के भाई सुमित की आरोपी साहिल के साथ पुरानी रंजिश थी। गुरुवार रात करीब नौ बजे सुमित घर के पास खड़ा था। इसी दौरान साहिल अपने कुछ साथियों के साथ आया और उसने सुमित के सिर पर बोतल दे मारी। विवाद के बाद आरोपी वहां से चले गए। सुमित, उसका जीजा राजवीर और सावन तीनों सिविल अस्पताल में अपना मेडिकल कराने पहुंचे।
मामले से जुड़े लोगों का कहना है कि सुमित जब अस्पताल में था तो उसके साथियों ने साहिल पर हमला किया। आरोपियों को पता था कि सुमित अस्पताल में मौजूद है। वो वहां पहुंचे तो उन्हें सावन दिखा। वो उसके पीछे भागे। सावन खुद की जान बचाने के लिए इमरजेंसी वार्ड में घुस गया। इसी दौरान आरोपी भी उसके पीछे अंदर घुस गए। ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। अस्पताल स्टाफ ने इसकी शिकायत पुलिस को दी लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी सिविल अस्पताल से भाग चुके थे।