Punjab CM on Stubble Burning: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार (2 अक्टूबर, 2022) को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर किसानों को जानबूझकर परेशान करने का आरोप लगाया है। मान ने कहा कि BJP को किसानों के गुस्से के बाद कृषि कानून वापस लेना पड़ा था, इसलिये अब पराली के नाम पर जानबूझकर किसानों को परेशान किया जा रहा है।

मान ने कहा कि हमने केंद्र सरकार को कई सुझाव दिए, लेकिन उन्होंने हमारी बात नहीं मानी। सिर्फ दिल्ली और पंजाब पर ही सवाल क्यों उठाए जा रहे हैं? हरियाणा और राजस्थान में भी कई शहर हैं जहां AQI खराब हैं, केंद्र सरकार उन पर कोई सवाल क्यों नहीं उठा रही है?

इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने दिल्ली में हवा की गुणवत्ता में गिरावट और पंजाब में पराली जलाने के मुद्दों पर चिंता जताई थी। साथ ही अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान के इस्तीफे की मांग की थी। उन्होंने शहर के प्रदूषण को कंट्रोल नहीं कर पाने के लिए केजरीवाल पर निशाना साधा था और उनके इस्तीफे की मांग की थी।

गौरव भाटिया ने कहा कि जब पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार नहीं थी, तब अरविंद केजरीवाल पड़ोसी राज्य पंजाब पर दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण का ठीकरा फोड़ते थे। उन्होंने कहा कि अब पंजाह में आम आदमी पार्टी की सरकार है। उसके बावजूद भी खेतों में पराली जलाने की समस्या कम नहीं हुई है। उन्होंने पूछा कि केजरीवाल जी, इस पर आपका क्या जवाब है।

‘दिल्ली की खराब वायु गुणवत्ता के लिए दिल्ली के लोग जिम्मेदार’

वहीं राजधानी में बढ़ते प्रदूषण को लेकर दिल्ली सरकार के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी की खराब वायु गुणवत्ता के लिए दिल्ली के लोग ही जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि अगर संभव हो वर्क फ्राम होम करें। निजी वाहनों से सफर करने से परहेज करें। दिल्ली में 50 फीसदी प्रदूषण गाड़ियों के कारण है। उन्होंने कहा कि लोगों को पटाखा नहीं चलाना चाहिए। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। राय ने कहा कि केंद्र सरकार, पंजाब सरकार को सपोर्ट नहीं कर रही। जिसकी वजह से वहां पराली जलाई जा रही है। किसानों को पराली जलाना बंद करना चाहिए।