सोनभद्र नरसंहार के पीड़ितों से मिलने जा रही कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को मिर्जापुर में रोक दिया गया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने उन्हें सोनभद्र में धारा-144 लागू होने का हवाला दिया, जिसके बाद प्रियंका गांधी उसी जगह धरने पर बैठ गईं। ऐसे में पुलिस की एक टीम वहां पहुंची और प्रियंका गांधी को गाड़ी में बैठाकर ले गए। वाराणसी से कांग्रेस प्रत्याशी रहे अजय राय ने आरोप लगाया है कि प्रियंका गांधी को हिरासत में लिया गया है।
प्रियंका गांधी ने दिया यह बयान: मिर्जापुर की नारायणपुर पुलिस चौकी पर रोके जाने के बाद प्रियंका गांधी ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं पार्टी के 4 कार्यकर्ताओं के साथ सोनभद्र के पीड़ितों से मिलने जा रही थी, लेकिन मुझे रास्ते में रोक लिया गया। धारा-144 सोनभद्र में लागू है, लेकिन मुझे मिर्जापुर में क्यों रोक लिया गया? मैंने अधिकारियों से इस संबंध में जारी आदेश दिखाने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।’’
National Hindi News, 19 July 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक
डीजीपी ने दिया यह जवाब: उत्तर प्रदेश के डीजीपी ने प्रियंका गांधी को हिरासत में लेने की खबरों से नकार दिया है। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा को हिरासत में नहीं लिया गया है। उन्हें सिर्फ सोनभद्र जाने से रोका गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस टीम प्रियंका गांधी वाड्रा को चुनार गेस्ट हाउस ले गई है।
यह है मामला: सोनभद्र में 90 बीघा जमीन पर कब्जे को लेकर ग्राम प्रधान यज्ञदत्त भूरिया ने करीब 100 बदमाशों के साथ मिलकर गोंड समुदाय के लोगों पर हमला कर दिया था। इस घटना में गोंड समुदाय के 10 लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस अब तक यज्ञदत्त भूरिया समेत 26 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
Bihar News Today, 19 July 2019: बिहार की बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें
प्रियंका गांधी को सोनभद्र जाने से रोकने पर राहुल गांधी ने भी टिप्पणी की है। उन्होंने ट्वीट में लिखा, ‘‘सोनभद्र में प्रियंका गांधी को गैरकानूनी तरीके से गिरफ्तार किया गया है। यह सत्ता का दुरुपयोग है। सरकार का मकसद प्रियंका को उन 10 आदिवासी किसानों के परिजनों से मिलने से रोकना था, जिन्होंने जमीन खाली नहीं करने पर बेरहमी से मार दिया गया।’’

