शनिवार (15 अप्रैल) की रात माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की पुलिस की मौजूदगी में हत्या कर दी गयी। इस हत्या के बाद तमाम तरह की राजनीतिक बयानबाजी सामने आ रही है।
जहां अखिलेश यादव ने कानून व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े किए हैं वहीं अब कांग्रेस की ओर से भी इसे यूपी में लॉं एंड ऑर्डर पर सवालिया निशाना बताया है।
कांग्रेस की ओर से पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने बयान देते हुए कहा है कि जो कुछ भी हुआ वो लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है।
प्रियंका गांधी का बयान
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अतीक अहमद और उसके भाई की सरेआम हुई हत्या को लेकर सवाल खड़ा करते हुए कहा “हमारे देश का क़ानून संविधान में लिखा गया है, यह क़ानून सर्वोपरि है। अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, मगर देश के क़ानून के तहत होनी चाहिए। किसी भी सियासी मक़सद से क़ानून के राज और न्यायिक प्रक्रिया से खिलवाड़ करना या उसका उल्लंघन करना हमारे लोकतंत्र के लिए सही नहीं है”
अशोक गहलोत क्या बोले?
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि “यूपी में जो कुछ हो रहा है उसे देश देख रहा है, देश में कानून का राज होना चाहिए, कानून का राज होगा तो देश आबाद होगा, खुश होगा..मेरा मानना है वो बहुत आसान काम है.. .लेकिन यूपी में जो हो रहा है वो तो बहुत आसान काम है, कानून का राज स्थापित होना चाहिए, सबको न्याय मिलना चाहिए”
अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या के बाद पूरे यूपी में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। योगी सरकार ने पूरे राज्य में धारा 144 लागू कर दी है। राज्य सरकार की तरफ से कहा गया है कि अफवाह फैलाने वालों पर कठोर कार्रवाई होगी।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, जिन शूटर्स ने अतीक और अशरफ की हत्या की है उनके नाम लवलेश तिवारी, सनी और अरुण मौर्या के रूप में हुई है। ये शूटर्स ने अतीक और अशरफ को गोली मारने के बाद हाथ ऊपर कर सरेंडर, सरेंडर चिल्लाए और फिर जय श्री राम के नारे भी लगाए। ये तीनों पूरे अपराधी बताए जा रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इन्होंने हत्या का मकसद बड़ा माफिया बनना बताया है।