Bihar Politics: चुनावी रणनीतिकार से राजनेता की भूमिका में आ दिख रहे प्रशांत किशोर ने 2 अक्टूबर, 2022 से बिहार में जन सुराज यात्रा शुरू की है। उनका मानना है कि वो इस यात्रा के माध्यम से जनता की दिक्कतों और उनका दुख-दर्द समझने की कोशिश करेंगे। अपनी इसी यात्रा के दौरान बिहार के पश्चिम चंपारण पहुंचे किशोर ने नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव पर जमकर हमला बोला है।

प्रशांत किशोर ने कहा कि नीतीश सरकार में बिहार की शिक्षा व्यवस्था बिल्कुल ध्वस्त हो गई है। हालात यह हैं कि स्कूलों में खिचड़ी बंट रही है और कॉलेजों में डिग्री बंट रही है। पढ़ाई कहीं नहीं हो रही है। ऐसी स्थिति में गरीब आदमी का तो बच्चा पढ़ ही नहीं सकता है।

प्रशांत किशोर का तेजस्वी पर तंज, कहा- जो हाई स्कूल पास नहीं, वो बिहार सुधारेंगे

डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव को लेकर प्रशांत किशोर ने कहा कि वो (तेजस्वी यादव) लालू प्रसाद यादव के लड़के हैं। इसके अलावा उनकी क्या क्वालिफिकेशन है। उन्होंने कहा कि जो आदमी हाई स्कूल पास नहीं है, वो बिहार को सुधारने निकले हैं। लोगों को उनसे क्या उम्मीद है।

प्रशांत किशोर ने कहा कि मेरी यात्रा का मकसद भीड़ को एकत्रित करना नहीं है। यह बिहार को देखने और समझने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि ये दल बनाकर चुनाव लड़ने की प्रक्रिया नहीं है। हम लोग कोई सिंबल, कोई झंडा लेकर नहीं चल रहे हैं। गांधी जी के फोटो और उनके आदर्शों के साथ जनता के हित में एक नई व्यवस्था बनाई जाए। उसके लिए यह पूरा प्रयास है। किशोर ने कहा कि मैं कोई नेता, मंत्री नहीं हूं, उसके बावजूद हजारों लोग हमारे साथ जुड़ रहे हैं। बिहार में सरकारी व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है।

राजा का बेटा राजा नहीं बनेगा, राजा वही बनेगा जिसको जनता चुनेगी: प्रशांत किशोर

बता दें, इससे पहले प्रशांत किशोर ने बुधवार (12 सितंबर) को बिहार में पिपरा पंचायत के लोगों से बात की थी। इस दौरान उन्होंने कहा था कि जब देश आजाद हुआ तो महात्मा गांधी, बाबासाहेब अंबेडकर ने जनता को अधिकार दिया कि देश का राजा वही बनेगा, जिसको जनता चुनेगी। उन्होंने कहा था कि राजा का बेटा राजा नहीं बनेगा। उन्होंने कहा कि देश में अब लोकतंत्र है, जिसको गरीब जनता देश वोट करेगी वही राजा बनेगा। पहले वाला वक्त अब चला गया है।