लोकसभा चुनाव खत्म हो गए हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में रिक्त पदों पर जल्द से जल्द भर्तियां शुरू करने के निर्देश दे दिए हैं। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश की ग्राम पंचायत में पंचायत सहायक और डाटा एंट्री ऑपरेटर के 4821 पदों पर जल्द भर्ती शुरू होने वाली है।
10 जून तक जारी हो जाएगा नोटिफिकेशन
पंचायती राज के निदेशक अटल कुमार राय ने 10 जून तक रिक्त पदों पर चयन के लिए विज्ञापन प्रकाशित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को ही अधिकारियों के साथ बैठक की थी और प्रदेश में खाली पदों पर जल्द भर्ती शुरू करने के आदेश दिए थे। पंचायती राज विभाग ने प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है। सूत्रों के अनुसार 15 जून से 30 जून तक आवेदन जमा होंगे।
क्या है योग्यता?
पंचायत सहायक के लिए अभ्यर्थी की उम्र 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। वहीं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग को सरकारी नियम अनुसार छूट दी जाएगी। हालांकि परीक्षा शुल्क 0 रुपये है। इस फॉर्म को भरने के लिए अभ्यर्थी के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से हाई स्कूल और इंटरमीडिएट का सर्टिफिकेट होना चाहिए।
पुलिस भर्ती परीक्षा भी जल्द
इसके अलावा उत्तर प्रदेश में सिपाही भर्ती की परीक्षा फिर से करने की कोशिश शुरू कर दी गई है। नागरिक पुलिस के 60,244 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती और प्रोन्नति बोर्ड ने कवायद शुरू कर दी है। सूत्रों की माने तो भर्ती बोर्ड परीक्षा कराने के लिए कंपनी का चयन भी जल्द करने वाला है। इसके अलावा अभ्यर्थियों द्वारा जताई गई आपत्तियों को दूर करने के लिए भी भर्ती प्रक्रिया में बदलाव किए गए हैं।
बता दें कि लोकसभा चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता लगी थी, लेकिन अब यह खत्म हो गई है। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर 6 महीने के अंतर लिखित परीक्षा कराने की तैयारी हो रही है। भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष ने भी बताया कि तय समय के अंदर परीक्षा कराई जाएगी और इसकी जानकारी भी अभ्यर्थियों के साथ शेयर की जाएगी।