जम्मू-कश्मीर और हरियाणा पुलिस ने फरीदाबाद में एक संयुक्त ऑपरेशन में एक कश्मीरी डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसके अलावा फरीदाबाद से एक मस्जिद के इमाम को भी पकड़ा है। मस्जिद के इमाम की पत्नी ने मीडिया से कहा कि इससे पहले कभी पुलिस नहीं आई थी। पुलिस जिस समय घर में घुसी, उस टाइम इमाम साहब खाना खा रहे थे।

इमाम का परिवार नूंह का रहने वाला है। इमाम की पत्नी ने बताया कि उनके चार बच्चे हैं और वो बीस साल से फरीदाबाद में रह रहे हैं। पुलिस ने उनके घर के किसी भी सदस्य से कोई पूछताछ नहीं की, सिर्फ आधार कार्ड वगैरह देखे। कश्मीरी डॉक्टर मुजम्मिल से जुड़े सवाल पर इमाम की पत्नी ने बताया कि वो नमाज पढ़ने के लिए लंबे समय से मस्जिद में आ रहा था। वो पांंचों वक्त की नमाज का पाबंद है। उसके साथ अन्य डॉक्टर्स भी नमाज पढ़ने आते थे।

पुलिस ने क्या-क्या बताया?

हरियाणा पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि डॉक्टर मुजम्मिल की निशानदेही पर एक असॉल्ट राइफल, 3 मैगजीन और 83 जिंदा कारतूस, एक पिस्तौल, 8 जिंदा कारतूस, दो खाली कारतूस, दो अतिरिक्त मैगजीन, 8 बड़े सूटकेस, 4 छोटे सूटकेस और लगभग 360 किलो ज्वलनशील पदार्थ बरामद किया गया है। इसमें अमोनियम नाइट्रेट होने का संदेह है।

उन्होंने बताया कि इसके अलावा बैटरियों वाले 20 टाइमर, 24 रिमोट, लगभग 5 किलो भारी धातु, वॉकी-टॉकी सेट, बिजली के तार, बैटरियां और अन्य प्रतिबंधित सामग्री बरामद की गई है। उन्होंने कहा कि यह RDX नहीं है… यह AK-47 नहीं है, यह एक असॉल्ट राइफल है। यह AK-47 जैसी ही है, लेकिन उससे थोड़ी छोटी है। लेकिन यह AK-47 नहीं है। उन्होंने बताया कि डॉक्टर मुजम्मिल शकील अल-फतह यूनिवर्सिटी में पढ़ाता है।

यह भी पढ़ें: ‘हमेशा एक ही समुदाय के लोग होते हैं’, फरीदाबाद में डॉक्टर मुजम्मिल की गिरफ्तारी पर बोले गिरिराज सिंह