राजस्थान के दौसा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिल्ली से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का पहला खंड देश को समर्पित किया। यह एक्सप्रेस-वे दौसा को दिल्ली से जोड़ने वाला है। इसके साथ ही पीएम मोदी राजस्थान में 18,100 करोड़ रुपये से अधिक लागत की अन्य सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली से हेलीकाप्टर से सीधे दौसा पहुंचे।
प्रधानमंत्री ने इस दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस कैसे सरकार चला रही है ये किसी ये छिपा नहीं है। अभी कुछ दिन पहले बजट सत्र को दौरान जो कुछ हुआ उसकी चर्चा चारों तरफ है। मैं मानता हूं कि गलती किसी से भी हो सकती है, लेकिन लेकिन इससे पता चलता है कि कांग्रेस के पास ना विजन है ना उनके बातों में वजन रह गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकारें सीमा से जुड़े गांवों और शहरों का इसीलिए विकास नहीं करती थीं क्योंकि वो डरती थीं कि कहीं दुश्मन हमारी ही बनाई सड़कों से चलकर देश के भीतर आ जाएगा। मुझे समझ नहीं आता कि कांग्रेस क्यों हमारे सैनिकों के शौर्य और बहादुरी को कम आंकती रही है। सीमा पर दुश्मनों को रोक देना और उन्हें मुंहतोड़ जवाब देना हमारी सेना को बखूबी आता है।
मोदी ने कहा कि गरीब परिवारों को पहली बार शिक्षा और सरकारी नौकरियों में हमने आरक्षण दिया। OBC वर्ग को संवैधानिक सुरक्षा मिले, इसके लिए OBC आयोग को संवैधानिक दर्ज़ा हमारी सरकार ने दिया है। ऑल इंडिया मेडिकल कोटे में OBC के लिए आरक्षण नहीं था, हमने ये भी सुनिश्चित किया है। भाजपा सरकार ने यहां मेहंदीपुर बालाजी और धौलपुर में मुचुकुंड धाम का विकास भी किया है। अपने आस्था स्थलों का विकास भाजपा सरकार की प्राथमिकताओं में है।
जब इंफ्रास्ट्रक्चर बनता तब रोजगार भी देता है: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब इंफ्रास्ट्रक्चर बनता तब रोजगार भी देता है और बनने के बाद भी व्यापार कारोबार उद्योग धंधों को बहुत बड़ी शक्ति देता है। सड़क, पटरी, हवाई अड्डे बनते हैं तो इससे भी सैकड़ो उद्योगों को बल मिलता है। इससे जुड़ो उद्योगों में नौकरियां निकलती हैं। उन्होंने कहा कि बीते 9 वर्षों से केंद्र सरकार रोड, रेल, गरीबों के लिए घर, हर घर में जल, बिजली ऐसे हर इंफ्रास्ट्रक्चर पर पैसा खर्च कर रही है। इस बार के बजट में भी गांव और गरीब की सुविधाएं बढ़ाने के लिए सबसे अधिक बल इंफ्रास्ट्रक्चर पर दिया गया है। पहले की सरकारें रेल रोड बनाने में जितना खर्च करती थी उससे कई गुना ज्यादा खर्च BJP कर रही है। रेल रोड पर लाखों के खर्च का बहुत बड़ा लाभ राजस्थान को हो रहा है। दशकों तक राजस्थान को कुछ लोगों को बीमारू राज्य कह कर चिढ़ाया है, BJP राजस्थान को विकसित देश का मजबूत आधार बना रही है।
पीएम मोदी ने कहा कि राजस्थान की धरती शूरवीरों की है। यहां का बच्चा-बच्चा मां भारती की रक्षा और समृद्धि के लिए समर्पित है। यहां के बच्चे बच्चे का सपना रहा है कि भारत दुनिया में किसी से भी कम ना हो। विकसित भारत बनने के लिए भारत का तेज विकास जरूरी है इसके लिए आने जाने के साधनों का तेज होना जरूरी है।
आठ लेन वाला दुनिया का सबसे लंबा एक्सप्रेस-वे
दिल्ली से दौसा तक 246 किलोमीटर लंबा दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेस-वे का पहला खंड शुरू होने से देश की राजधानी दिल्ली से राजस्थान की राजधानी जयपुर का सफर पांच घंटे से घटकर साढ़े तीन घंटे में पूरा हो जाएगा। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आर्थिक राजधानी मुंबई को जोड़ने वाले दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे की कुल लंबाई 1,386 किलोमीटर है। आंकड़ों के मुताबिक निर्माण कार्य पूरा होने के बाद दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेस-वे आठ लेन वाला दुनिया का सबसे लंबा एक्सप्रेस-वे बन जाएगा। जरूरत पड़ने पर इस एक्सप्रेस-वे को 12 लेन तक चौड़ा किया जा सकेगा।
देश देख रहा है एक अकेला कितनों पर भारी है- पीएम मोदी, देखें वीडियो
दिल्ली-मुंबई की दूरी 12 फीसदी और वक्त 50 फीसदी घटेगा
कुल 12,150 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का पहला खंड यानी दिल्ली-दौसा-लालसोट खंड से राजस्थान के कई जिलों को बड़ा फायदा पहुंचेगा। इससे राजस्थान के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का निर्माण पूरा होने से दिल्ली और मुंबई के बीच की यात्रा दूरी में 12 फीसदी की कमी आएगी। साथ ही सड़क मार्ग से लगने वाले समय में भी 50 फीसदी की कमी आने का अनुमान है। मौजूदा समय में दिल्ली से मुंबई एक तरफ आने-जाने में 24 घंटे लग जाते हैं। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे तैयार हो जाने के बाद यह आधा यानी करीब 12 घंटे तक हो जाएगा।
इन राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे पीएम मोदी
राजस्थान में पीएम नरेंद्र मोदी रविवार को 247 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की भी आधारशिला रखी। इन परियोजनाओं पर 5,940 करोड़ रुपये से अधिक की लागत का अनुमान है। इनमें 2,000 करोड़ रुपये की लागत से बांदीकुई-जयपुर के बीच 67 किमी लंबा फोर लेन हाईवे बनाया जाएगा। वहं, कोटपुतली से बाराओदानियो के बीच 3,775 करोड़ रुपये की लागत से चार लेन की सड़क बनाई जाएगी। इसके अलावा लालसोट-करौली के बीच 150 करोड़ रुपये की लागत से दो लेन के पक्के किनारे वाली सड़क भी बनाई जाएगी।