प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि आजादी के बाद पहली बार भारत बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का साहस कर रहा है। मोदी ने मुंबई में 38,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद कहा कि दुनियाभर में भारत के बारे में सकारात्मक रूख है क्योंकि सभी जानते हैं कि देश अपनी ताकत और क्षमता के बल पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत अब ‘‘अभूतपूर्व आत्मविश्वास’’ से भरा हुआ है और देश अपने आधुनिक दृष्टिकोण के साथ बेहतर प्रगति कर रहा है।
पीएम मोदी बोले- शिंदे और फडणवीस के सत्ता में आने के बाद तेजी से हो रहा विकास
उन्होंने कहा कि आज उद्घाटन की गई परियोजनाओं से मुंबई को अपने जीवन स्तर में सुधार करने और शहर तथा आसपास के क्षेत्रों को बदलने में मदद मिलेगी। मोदी ने कहा कि मुंबई का विकास कुछ समय के लिए धीमा हो गया था, लेकिन मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सत्ता में आने के बाद तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब गरीबों के कल्याण के लिए उपलब्ध धन का दुरूपयोग किया जाता था। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘एक वक्त वह भी था जब हम सिर्फ गरीबी की बात करते थे और दूसरे देशों से पैसे मांगते थे।
मेट्रो उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री ने युवाओं, महिलाओं और रेलकर्मियों से बातचीत की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को मुंबई में सार्वजनिक परिवहन प्रणाली मेट्रो की नई सेवाओं का उद्घाटन करने के बाद गुंडावली और मोगरा स्टेशनों के बीच इसमें यात्रा की। इस दौरान युवाओं, महिलाओं और मेट्रो रेल कर्मचारियों के साथ उन्होंने बातचीत की। ये दो स्टेशन मेट्रो लाइन 7 फेज 2 का हिस्सा हैं। यात्रा के दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पीएम के साथ थे।
इससे पहले बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में एमएमआरडीए (MMRDA) मैदान में आयोजित एक समारोह में पीएम ने लगभग 12,600 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मुंबई मेट्रो रेल लाइन 2ए और 7 का उद्घाटन किया। इन लाइनों में उपनगरीय मुंबई में अंधेरी से दहिसर तक फैला 35 किमी लंबा ऊंचा गलियारा शामिल है। 18.6 किमी लंबी मेट्रो लाइन 2A उपनगरीय दहिसर (East) को 16.5 किमी लंबी डी एन नगर (Yellow Line ) से जोड़ती है, जबकि मेट्रो लाइन 7 अंधेरी (East) को दहिसर (East) से जोड़ती है। इन लाइनों का शिलान्यास पीएम मोदी ने 2015 में किया था।
पिछले साल एकनाथ शिंदे के मुख्यमंत्री बनने के बाद प्रधानमंत्री मोदी की यह पहली मुंबई यात्रा है। बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास समारोह में मुख्यमंत्री शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना और पूर्ववर्ती महाविकास अघाड़ी (MVA) सरकार पर निशाना साधा।