UP News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पिटबुल के हमले की एक और घटना सामने आई है। गोमती नगर के विराम खंड-2 में घर के पास टहल रहे युवक पर पिटबुल ने अटैक कर दिया। वो अपनी मां के साथ टहल रहा था। स्थानीय लोग जब लाठी-डंडे लेकर पहुंचे तब कहीं युवक को बचाया जा सका। वहीं दिल्ली में पालतू कुत्तों का रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य कर दिया गया है।
लखनऊ के विराम खंड-2 के रहने वाले प्रांचल मिश्रा के ऊपर शनिवार को पिटबुल ने हमला किया है। प्रांचल अपनी मां के साथ पार्क में टहल रहा था। पिटबुल के हमले से प्रांचल घायल हो गया। प्रांचल को कुत्ते से बचाने के लिए उनकी मां दौड़ी, लेकिन वो फिसल गईं। जिससे उनको भी चोट लग गई। इसके बाद प्रांचल मिश्रा और उनकी मां को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल प्रांचल मिश्रा ने गोमती नगर थाने में अज्ञात पिटबुल मालकिन के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। वहीं अभी पिटबुल की मालकिन की पहचान नहीं हो पाई है। जानकारी के मुताबिक महिला पिटबुल को लेकर पार्क में टहल रही थी। इसी दौरान उसके हाथ से रस्सी छूट गई। और कुत्ते ने प्रांचल पर हमला कर दिया।
पिछले दिनों लखनऊ में पालतू कुत्ते ने युवक के प्राइवेट पार्ट में काट लिया था
इससे पहले लखनऊ के कृष्णा नगर में रहने वाले एक युवक को पालतू कुत्ते ने प्राइवेट पार्ट में काट लिया। ब्लीडिंग होने की वजह से दो दिन तक वह केजीएमयू में भर्ती रहा था। हॉस्पिटल से डिस्चार्ज होने के बाद युवक ने कुत्ते के मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। वहीं, गाजियाबाद में एक पिटबुल हमले में बच्चे का चेहरा बिगड़ गया था। जिसको 100 से अधिक टांके लगाने पड़े।
दिल्ली में पालतू कुत्तों का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य
वहीं दिल्ली में कुत्तों के एडॉप्शन पर नए नियम बनाए गए हैं। जिसके मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में अब पालतू कुत्तों का रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य कर दिया गया है। एमसीडी ने कहा कि लापरवाही बरतने पर कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है। बता दें देश में लगाताक पालतू कुत्तों के काटने का घटनाएं सामने आ रही हैं। जिसके बाद दिल्ली में कुत्तों के एडॉप्शन पर कुछ नियमों में बदलाव किया गया है।