Pathan Film Controversy: शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की आने वाली फिल्म पठान को लेकर सियासत गरमा गई है। दरअसल, इस फिल्म के गाने ‘बेशरम रंग ‘ में अभिनेत्री दीपिका पादुकोण (Deepika Padukone) भगवा रंग की बिकिनी पहने हुए हैं। दीपिका के भगवा रंग की बोल्ड ड्रेस पहनने पर ही विवाद हो रहा है। जिसके चलते फिल्म पठान (Pathan) का चारों तरफ विरोध हो रहा है। इस बीच भोपाल सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा है कि जो भगवा को अपमानित करेगा हम उसको मुंहतोड़ जवाब नहीं देंगे, उसका मुंह तोड़ देंगे।

फ़िल्म ‘पठान’ में भगवा बिकिनी पर बवाल को लेकर भोपाल की सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा हमारे देश में लोकतंत्र है। जब भारत स्वतंत्र हुआ तो जिनकी भी सता रही उन्होंने सब को बोलने की स्वतंत्रता तो दी, लेकिन हिंदुओं को कभी बोलने नहीं दिया। यह हमारे देश की विडंबना है।

जब से PM Modi का शासन आया है, हिंदू अपने आप को जागृत महसूस करता है

उन्होंने कहा जब से मोदी जी का शासन आया है, तब से हिंदू अपने आप को जागृत अवस्था में महसूस करता है। लेकिन मैं ठोक कर कहती हूं कि जिस ने भी भगवा रंग का अपमान किया उसे भारतीय जनता पार्टी और जनता ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया हैं। अब किसी ने भगवा का अपमान किया तो मुंह तोड़ जवाब ही नहीं देंगे बल्कि मुंह तोड़ देने की हिम्मत रखते हैं क्योंकि सनातनी जिंदा है। हम सन्यासी भी पीछे नहीं हटेंगे।

साध्वी प्रज्ञा ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा, “कभी कांग्रेस ने भगवा को आतंकवादी कहा, कभी चोर उचक्का कहा लेकिन, जनता ने भगवा का अपमान करने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया है।” सांसद ने भगवा को देश की शान बताते हुए कहा कि भगवा हमारे देश की आन-बान और शान है। यह राष्ट्रीय ध्वज में भी मौजूद है।

भगवा रंग बलिदान का रंग- Sadhvi Pragya Thakur

साध्वी ने कहा कि भगवा रंग सूर्य का रंग है, भगवा रंग बलिदान का रंग है, भगवा रंग सनातनी और संतों का रंग है। उन्होंने इसका अपमान करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा, “भगवा को अपमानित करने की कोशिश की गई तो कोई भी नहीं बचेगा हम उसको नहीं छोड़ेंगे। अगर जरुरत पड़ी तो कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी और आंदोलन का आह्वान भी किया जाएगा।”