बिहार विधानसभा चुनाव से पहले AIMIM के चीफ असदुद्दीन ओवैसी महागठबंधन से छह सीटों की मांग कर रहे है। ओवैसी ने अपनी रैलियों में कई बार इस बात का जिक्र किया लेकिन तेजस्वी यादव ने उन्हें पूरी तरह से नजर अंदाज कर दिया। बीते शुक्रवार को जब बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम आए तो महागठबंधन को तगड़ा झटका लगा है। इस झटके की एक वजह AIMIM भी है।
AIMIM बिहार विधानसभा की वो सभी पांच सीटें जीतने में सफल रही, जिन पर वह बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में विजयी हुई थी। हालांकि ये सभी विधायक बाद में राजद में चले गए थे। इसके अलावा AIMIM के प्रत्याशी दो सीटों पर दूसरे नंंबर पर रहे। इनमें से एक सीट – बलरामपुर – वह मामूली अंतर से हारी। बिहार में कई विधानसभा सीटें ऐसी भी रहीं, जहां महागठबंधन प्रत्याशियों की हार हुई और AIMIM प्रत्याशी को मिले वोटों की संख्या हार-जीत के मार्जिन से ज्यादा थी।
बिहार की ये पांच सीटें जीती AIMIM
बिहार में AIMIM जोकीहाट, बहादुरगंज, कोचाधामन, आमौर और बायसी विधानसभा सीटें जीतने में सफल रही। इन पांचों सीटों को AIMIM ने अच्छे मार्जिन से जीता। जोकीहाट में AIMIM प्रत्याशी मोहम्मद मुर्शीद आलम को 83,737 वोट मिले और उन्होंने जदयू के मंजर आलम को 28,803 वोटों से हराया।
यह भी पढ़ें: बिहार के विधायकों को कितनी मिलेगी सैलरी? कौन-कौन सी सुविधाएं मिलती हैं
इसी तरह बहादुरगंज विधानसभा सीट पर मोहम्मद तौसिफ आलम को 87,315 वोट मिले और उन्होंने कांग्रेस पार्टी के मोहम्मद मसावर आलम को 28,726 वोटों से हराया। कोचाधामन में AIMIM के मोहम्मद सरवर आलम को 81,860 वोट मिले और उन्होंने राजद के मुजाहिद आलम को 23,021 वोटों से हराया।
| क्रम संख्या | विधानसभा सीट | AIMIM प्रत्याशी | कितने वोट मिले? | किसे हराया? | कितने वोटों से जीते? |
| 1 | जोकीहाट | मो. मुर्शीद आलम | 83737 | मंजर आलम जदयू | 28,803 |
| 2 | बहादुरगंज | मो. तौसिफ आलम | 87315 | मसावर आलम कांग्रेस | 28,726 |
| 3 | कोचाधामन | मो. सरवर आलम | 81860 | मुजाहिद आलम राजद | 23,021 |
| 4 | आमौर | अख्तरुल इमान | 100836 | सबा जफर जदयू | 38,928 |
| 5 | बायसी | गुलाम सरवर | 92766 | विनोद कुमार भाजपा</td> | 27,251 |
बात अगर आमौर विधानसभा सीट की करें तो यहां AIMIM के अख्तरुल इमान को 1,00,836 वोट मिले और उन्होंने जदयू के सबा जफर को 38,928 वोटों के बड़े मार्जिन से हराया। बायसी विधानसभा सीट पर AIMIM के गुलाम सरवर ने जीत दर्ज की। उन्हें 92,766 वोट मिले और उन्होंने 27,251 वोटों से भाजपा के विनोद कुमार को हराया।
इन दो सीटों पर बनी दूसरे नंबर की पार्टी
बिहार विधानसभा चुनाव में ओवैसी की पार्टी दो सीटों – बलरामपुर और ठाकुरगंंज – में दूसरे स्थान पर रही। बलरामपुर विधानसभा सीट पर AIMIM प्रत्याशी महज 389 वोटों से चुनाव हार गए। इस सीट पर लोजपा राम विलास की संगीता देवी ने 80,459 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। यहां 79,141 वोटों के साथ भाकपा माले के महबूब आलम रहे।
इसी तरह ठाकुरगंज विधानसभा सीट पर AIMIM प्रत्याशी गुलाम हसनैन 76421 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। इस सीट पर जदयू के गोपाल कुमार अग्रवाल ने 8822 वोटों से जीत दर्ज की जबकि राजद के सौद आलम 60,036 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
| क्रम | विधानसभा सीट | विजेता – पार्टी | वोट | AIMIM प्रत्याशी | वोट | मार्जिन |
| 1 | बलरामपुर | संगीता देवी – लोजपा (RV) | 80,459 | मो. आदिल हसन | 80,070 | 389 |
| 2 | ठाकुरगंज | गोपाल कुमार अग्रवाल – जदयू | 85,243 | गुलाम हसनैन | 76,421 | 8822 |
कितना रहा वोट शेयर?
इस बार बिहार विधानसभा चुनाव में AIMIM को 1.85% वोट मिले। बिहार में कई विधानसभा सीटों पर AIMIM ने महागठबंधन प्रत्याशियों को नुकसान भी पहुंचाया। इन सीटों में प्राणपुर, कसबा, शेरघाटी और केवटी विधानसभा सीटें शामिल हैं। इन सीटों पर सीधे तौर पर AIMIM प्रत्याशी को हार और जीत के मार्जिन से ज्यादा वोट मिले। आम तौर पर माना जाता है कि मुस्लिम मतदाताओं का एक वर्ग ही AIMIM का वोटर है। इसके अलावा ओवैसी की पार्टी ने कई सीटों पर महागठबंधन के मुस्लिम वोट बैंक में बड़ी सेंध लगाई।
| क्रम संख्या | विधानसभा सीट | विजेता-पार्टी और वोट | उपविजेता-पार्टी और वोट | हार – जीत का मार्जिन | AIMIM प्रत्याशी और वोट |
| 1 | प्राणपुर | निशा सिंह – बीजेपी – 1,08,565 | इशरत प्रवीण – राजद – 1,00,813 | 7,752 | मो. आफताब आलम – 30,163 |
| 2 | कसबा | नीतेश कुमार सिंह – लोजपा राम विलास – 86,877 | इरफान आलम – कांग्रेस – 74,002 | 12,875 | शहनवाज आलम – 35,309 |
| 3 | शेरघाटी | उदय कुमार सिंह – लोजपा राम विलास – 13,524 | प्रमोद कुमार वर्मा – राजद – 63,746 | 13,524 | शाने अली खाँ – 14,754 |
| 4 | केवटी | मुरारी मोहन झा – बीजेपी – 89,123 | फराज फात्मी – राजद – 81,818 | 7,305 | मोहम्मद अनिसुर रहमान – 7474 |
यह भी पढ़ें: बिहार की इन तीन सीटों पर हुआ जबरदस्त घमासान, 100 वोटों से भी कम रहा हार-जीत का अंंतर, आखिरी चरण में आया परिणाम
