उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में एक ट्रक ने दो पैसेंजर व्हीकल्स को रौंद डाला। इस हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई, वहीं पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना जिले के रौजा थाना क्षेत्र में मंगलवार (27 अगस्त) को हुई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजन को राहत राशि उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक (नगर) दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि सीतापुर से कपड़ा लेकर आ रहे एक ट्रक ने लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर जमका चौराहे के पास आगे चल रहे एक टेंपो को टक्कर मार दी जिससे वह गड्ढे में जा गिरा। इसके बाद ट्रक ने आगे चलकर एक सवारी वाहन को भी टक्कर मार दी और बेकाबू होकर उस पर पलट गया। त्रिपाठी ने बताया कि इस हादसे में टेंपो और सवारी गाड़ी पर बैठे 16 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक महिला और तीन बच्चे भी शामिल हैं।
क्रेन से हटवाई ट्रक, बमुश्किल निकाले शवः उन्होंने बताया कि ऑटो बरतारा से सवारियां भरकर शाहजहांपुर जा रहा था जबकि दूसरा वाहन जंग बहादुरगंज के लिए शाहजहांपुर से सवारियां ले जा रहा था। त्रिपाठी ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन मंगवा कर ट्रक को हटवाया जिसके बाद बमुश्किल शवों को निकाला जा सका। उन्होंने बताया कि घटना में पांच अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें शाहजहांपुर के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वहीं मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिये गए हैं।
योगी ने प्रशासन से कहा- तत्काल पहुंचाएं राहतः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को घायलों का समुचित इलाज कराने के आदेश दिये हैं। साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजन को राहत धनराशि तत्काल उपलब्ध कराने को भी कहा है।