एक न्यूज चैनल द्वारा चुनाव पूर्व कराए गए एक सर्वेक्षण (ओपिनयिन पोल) के अनुसार पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी नीत तृणमूल कांग्रेस का सत्ता में लौटना तय है और उसे 2011 की तुलना में अधिक मत मिलने तथा 178 सीटों पर जीत की संभावना है। एबीपी न्यूज-नेल्सन के सर्वेक्षण के अनुसार तृणमूल को मुख्य चुनौती कांग्रेस-वाम दलों के गठबंधन से मिलने की संभावना है जिसके करीब 110 सीटें जीतने की संभावना है। प्रदेश विधानसभा में 295 सीटें हैं।

इसमें संभावना जतायी गयी है कि राज्य में भाजपा बड़ी पार्टी के रूप में नहीं उभरेगी और उसे करीब पांच प्रतिशत वोट मिलेंगे तथा वह सिर्फ एक सीट जीतेगी। हिंदी न्यूज चैनल द्वारा जारी एक बयान के अनुसार ओपिनियन पोल आठ से 20 मार्च के बीच 118 विधानसभा क्षेत्रों में कराया गया जिसमें 14,450 लोगों ने भाग लिया।

वहीं असम के ओपिनियन पोल में भाजपा को सत्‍ता मिलने का अनुमान है। पोल के अनुसार भाजपा और उसके सहयोगी दलों को 78 सीटें मिलेगी। वहीं सत्‍ताधारी कांग्रेस 36 पर सिमट जाएगी। बदरुद्दीन अजमल की पार्टी एआईयूडीएफ को 10 सीटों पर जीत मिलेगी। सर्वे के दौरान लोगों ने मुख्‍यमंत्री के रूप में तरुण गोगोई को पंसद किया है।