उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी गठबंधन में दरार की खबरों के बीच ओम प्रकाश राजभर लगातार अखिलेश यादव पर निशाना साध रहे हैं। इस सबके बीच ओम प्रकाश राजभर बीजेपी के डिनर में पहुंचे। यह डिनर एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के लिए यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा आयोजित किया गया था।
सपा से तनाव के बीच ओम प्रकाश राजभर की बीजेपी से निकटता बढ़ रही है। सुभासपा अध्यक्ष राजभर शुक्रवार को 5 केडी पर डिनर में पहुंचे। उनके साथ-साथ शिवपाल यादव और रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया भी डिनर में पहुंचे। अखिलेश के चाचा शिवपाल सिंह यादव भी लंबे समय से उनसे नाराज चल रहे हैं। वहीं, ओम प्रकाश राजभर ने एनडीए की राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को समर्थन का ऐलान किया है, इसकी पुष्टि राजा भैया ने की है। इसके साथ ही BSP ने भी मुर्मू को वोट देने का ऐलान किया है।
लखनऊ के लोक भवन में भाजपा और सहयोगी दलों के सांसद-विधायकों के साथ बैठक में मंच पर राष्ट्रपति पद की एनडीए प्रत्याशी द्रोपदी मुर्मू के साथ सीएम योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री डॉक्टर महेंद्र नाथ पांडे, स्मृति ईरानी, गजेंद्र सिंह शेखावत, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह नजर आए।
अखिलेश को अब उनकी जरूरत नहीं: राष्ट्रपति पद के लिये विपक्ष के संयुक्त उम्मीदवार उम्मीदवार यशवंत सिन्हा की गुरुवार को हुई प्रेस वार्ता में भी ओपी राजभर नजर नहीं आए। जबकि, सपा के एक अन्य सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल के प्रमुख जयंत सिंह इस दौरान वहां मौजूद थे। जिसके बाद राजभर ने कहा कि ऐसा लगता है कि अखिलेश को अब उनकी जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि हो सकता है अखिलेश यादव भूल गए हों, इसलिए बैठक में नहीं बुलाया।
अखिलेश की तरफ से ‘तलाक’ मिलने का इंतजार: मीडिया से बात करते हुए राजभर ने कहा कि वह सपा से गठबंधन तोड़ने को लेकर अपने स्तर से पहल नहीं करेंगे। ओपी राजभर ने कहा कि उन्हें अखिलेश यादव की तरफ से ‘तलाक’ मिलने का इंतजार है। उन्होंने कहा कि वह अभी भी सपा के साथ हैं लेकिन अगर अखिलेश यादव उन्हें अपने साथ नहीं रखना चाहेंगे तो वे जबरदस्ती नहीं रहेंगे।