UP News: अपने बयानों के चलते अक्सर सुर्खियों में रहने वाले सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एक बार फिर बड़ा बयान दिया है। ओपी राजभर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी बिहार और गुजरात की तरह पूर्ण रूप से शराबबंदी होनी चाहिए। जब तक ऐसा नहीं होगा, गरीबों का कल्याण नहीं होगा।
ओपी राजभर ने लखनऊ के दारूलशफा में आयोजित पार्टी की उत्तर प्रदेश महिला मोर्चा की समीक्षा बैठक में यह भी कहा कि चुनाव आयोग और सरकार एक कानून बनाए कि लोकसभा और विधानसभा में 50 फीसदी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हों। महिलाएं विधानसभा और संसद पहुंचेंगी तो अपने हक और अधिकार का कानून खुद बना लेंगी।
राजभर ने कहा कि सुभासपा शुरू से ही महिलाओं के हक, अधिकार, मान,सम्मान के लिए लड़ रही है। प्रदेश में उनकी पार्टी की जो पहचान बनी है। उसमें महिलाओं का काफी योगदान है। पार्टी ने जब भी सामाजिक मुद्दों पर आंदोलन किए तब पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने बढ़-चढ़कर अपना योगदान दिया। इस बार उनकी पार्टी महिलाओं को जगाने और एरजुट करने का अभियान शुरू कर चुकी है। सुभासपा प्रमुख ने कहा कि शैक्षणिक संस्थाओं में बेटियों के लिए 50 फीसदी सीटें आरक्षित कर उन्हें निशुल्क शिक्षा दी जाए।
बता दें, 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर जुलाई, 2023 में एनडीए में शामिल हो गए थे। उन्होंने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। उसके बाद गठबंधन में शामिल होने का ऐलान किया था। सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने एनडीए गठबंधन में शामिल होने पर कहा था कि हमने 14 जुलाई को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और विभिन्न मसलों पर चर्चा की। 2024 का चुनाव एक साथ लड़ने का फैसला किया। हमें साथ लेने के लिए पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, सीएम योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद देना चाहते हैं।
DRM ऑफिस में CBI की रेड, रेल अधिकारी को दबोचा; ठेकेदार से कमीशन मांगने का आरोप
इससे पहले 2022 के विधानसभा चुनाव 2022 में ओमप्रकाश राजभर की पार्टी का यूपी में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन हुआ था। राजभर ने अखिलेश साथ मिलकर चुनावी कैंपेन संभाला था। उन्होंने जीत के लिए तमाम रणनीतियां बनाईं और योगी सरकार को घेरने की कोशिश की थी। हालांकि चुनावी परिणाम दोनों के लिए निराशा लेकर आए थे। बाद में बयानबाजी से माहौल गरमाया और ओपी राजभर- अखिलेश के बीच सियासी दूरियां बढ़ती चली गईं।
कौन हैं ओम प्रकाश राजभर
ओपी राजभर यानी ओमप्रकाश राजभर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के अध्यक्ष हैं। वे उत्तर प्रदेश के जहूराबाद (Zahoorabad) निर्वाचन क्षेत्र से 17वीं विधानसभा के सदस्य हैं। वे 2017 से जहूराबाद से विधायक हैं। 19 मार्च 2017 को वह पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग और विकलांग जन विकास विभाग के मंत्री के रूप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) मंत्रालय में कैबिनेट मंत्री बने, लेकिन 20 मई 2019 को राजभर को गठबंधन विरोधी गतिविधियों के कारण मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया गया था। उसके बाद 2022 में उन्होंने सपा के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था। मौजूदा वक्त में वो योगी सरकार में मंत्री हैं।