लंदन की एक कंपनी में सीनियर इंजीनियर के पद पर तैनात उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के मूल निवासी अजय कुमार बीते गुरूवार (6 जून) को वृंदावन के लिए निकले थे। वे दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचे लेकिन वृंदावन नहीं पहुंचे। अब उनके परिजन इन दिनों उन्हें गली-गली तलाश रहे हैं। उन्होंने इस घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को भी दे दी है। वृंदावन कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार दुबे ने बताया, ‘अजय कुमार के रिश्तेदारों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार वह बाराबंकी के नेमापुर गांव के मूल निवासी हैं। वे शादी के बाद 1986 में लंदन जाकर बस गए थे। उनकी पत्नी शीला सिंह भी वहां आयकर अधिकारी हैं।
बचपन से ही कृष्ण भक्तः अजय कुमार बचपन से ही कृष्ण भक्त थे। वह लंदन में भी इस्कॉन के मंदिर में नियमित जाते थे।’उनके भाई राजकुमार सिंह ने बताया, ‘वे 2003 में भी वह वृंदावन आए थे और अब पिछले कई साल से वृंदावन जाने की प्लानिंग कर रहे थे। 6 जून को वह अचानक बोले कि उन्हें ठाकुरजी बुला रहे हैं और वृंदावन जाना है। 6 जून को विमान से रवाना हुए और शुक्रवार (7 जून) को दिल्ली तक पहुंच गए। यहां एयरपोर्ट पर सीसीटीवी फुटेज में भी वह परिवार वालों को दिखे हैं।’ लेकिन, उसके बाद उनकी कोई लोकेशन नहीं मिल रही है।
National Hindi News, 12 June 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक
पुलिस को दी जानकारीः अजय के बहनोई यशपाल सिंह मथुरा और वृंदावन में उनकी तलाश कर चुके हैं। कई होटल व धर्मशालाओं में फोटो दिखाकर पता किया। पर कोई खबर नहीं मिली। उनका मोबाइल भी बंद जा रहा है। तब पुलिस को भी जानकारी दे दी है। दुबे ने बताया, ‘पुलिस व गुमशुदगी से जुड़े तमाम सरकारी व गैरसरकारी संगठनों को उनके हुलिए सहित पूरी जानकारी दे दी गई है। पुलिस भी उनके बारे में पता लगाने का प्रयास कर रही है।’