Noida Shrikant Tyagi Case: नोएडा में महिला से बदसलूकी करने वाले श्रीकांत त्यागी को लेकर नोएडा ओमैक्स सोसाइटी की रहने वाली एक महिला ने दावा किया है कि कल रात सोसाइटी में 15 गुंडे आए थे, उनमें से कुछ बीजेपी के नेता हैं। उनकी तस्वीर भाजपा सांसद महेश शर्मा के साथ है।

महिला ने कहा कि भाजपा सांसद महेश शर्मा ने कहा था कि 48 घंटे के अंदर श्रीकांत त्यागी जेल की सलाखों के पीछे होगा, लेकिन अब 48 घंटे से ज्यादा हो चुके हैं श्रीकांत त्यागी कहां है। महिला ने कहा कि उसकी (श्रीकांत त्यागी) लोकेशन भी ट्रैक हो रही है, लेकिन वो पकड़ा क्यों नहीं जा रहा है। इस दौरान महिला ने बीजेपी सांसद महेश शर्मा को भी निशाने पर लिया। कहा कि नेता लोग आते हैं, अपना लेक्चर देकर चले जाते हैं, क्योंकि उनको तो वोट लेना है।

आरडब्ल्यूए को श्रीकांत त्यागी द्वारा एक लाख रुपए देने के सवाल पर महिला ने कहा कि उसने एक लाख रुपए क्यों दिया। हर महीने उसने पैसा क्यों नहीं दिया। कोई तो दादागिरी उसकी थी। उसने कहा कि श्रीकांत त्यागी पौधे कैसे अंदर ले आया, हम तो नहीं ला सकते। रात में पौधे किसकी मर्जी से लाए गए। आम नागरिक तो यह काम नहीं कर सकता।

बता दें, श्रीकांत त्यागी के घर पर बुलडोजर चलने के बाद सोसाइटी में मिठाई बांटी जा रही है। सोसाइटी की महिलाओं ने का कि जब तक श्रीकांत त्यागी गिरफ्तार नहीं हो जाता हम मिठाई नहीं खाएंगे। उन्होंने कहा कि जब श्रीकांत त्यागी गिरफ्तार होगा, तब हमको खुशी होगी। महिलाओं का कहना है कि नोएडा पुलिस श्रीकांत त्यागी को सपोर्ट कर रही है। जिसकी वजह से उसकी गिरफ्तारी में देरी हो रही है।

वहीं जैसे ही प्रशासन ने बुलडोजर से कार्रवाई की, उसके बाद सोसाइटी के लोगों ने खूब जश्न मनाया। सोसाइटी के एक व्यक्ति ने कहा, “हम मुख्यमंत्री और नोएडा अथॉरिटी के सीईओ के एक्शन से खुश हैं। हम उसके (श्रीकांत त्यागी) अवैध निर्माण और उसके रवैये से परेशान हो चुके थे।”

वहीं एक रिपोर्ट के अनुसार श्रीकांत त्यागी को अवैध कब्जा हटाने के लिए कई बार नोटिस जारी किया गया था, लेकिन उसने अवैध निर्माण नहीं हटाया। आखिरी बार उसे 2019 में नोटिस जारी किया गया था, लेकिन इसके 3 साल बाद भी उसने अवैध कब्जा नहीं हटाया।