गौतमबुद्ध नगर पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने सोमवार को सेक्टर-63 स्थित नव निर्मित थाना भवन, आवासीय परिसर और जनपद के पहले ई-मालखाने का उद्घाटन किया। ई-मालखाने में सामान पर एक बार कोड जनरेट किया जाएगा। इसे टैब की मदद से स्कैन कर रेकार्ड रखा जाएगा। पुलिस आयुक्त ने थाना परिसर में पौधरोपण किया। साथ ही स्वच्छ पर्यावरण और स्वस्थ जीवन का संदेश भी दिया। थाना परिसर में ना केवल आधुनिक कार्यालय और साइबर सेल जैसी सुविधाएं हैं, बल्कि महिला सहायता केंद्र, हवालात, विवेचना कक्ष, सीसीटीएनएस कक्ष और आराम कक्ष आदि आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

उद्घाटन अवसर पर पुलिस आयुक्त ने ग्राम प्रहरियों को सम्मानित करते हुए उन्हें किट भी वितरित की। कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था राजीव नारायण मिश्र, अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय अजय कुमार, पुलिस उपायुक्त नोएडा यमुना प्रसाद, पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी, यातायात डीसीपी लखन सिंह यादव समेत अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

14 करोड़ रुपये की लागत

यहां बना ई-मालखाना, जनपद का पहला डिजिटल मालखाना है। करीब 14 करोड़ रुपए की लागत से बने इस आधुनिक भवन को प्रारूप पुलिस स्टेशन के रूप में विकसित किया गया है। यह सुविधा वादों से संबंधित साक्ष्यों की वैज्ञानिक व सुरक्षित ढंग से भंडारण और त्वरित जानकारी प्राप्त करने के लिए क्यूआर कोड आधारित प्रणाली से जुड़ी है। इससे जांच अधिकारियों को साक्ष्यों की जानकारी तुरंत उपलब्ध होगी, जिससे जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता और तेजी आएगी।