Bihar Politics: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के उत्तर प्रदेश से चुनाव लड़ने की अटकलों के बीच भारतीय जनता पार्टी के सांसद अश्विनी चौबे ने उन पर कटाक्ष किया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि फ़ूलपुर उनको ‘फूल’ बना देगा। 17 साल से जो एक भी चुनाव नहीं लड़े, उनको मुंगेरी लाल के हसीन सपना याद आ रहा। वे बिहार में एक भी चुनाव जीतते हैं तो उनको राष्ट्रीय पुरस्कार मिल सकता है।
इससे पहले भागलपुर में भारतीय जनता युवा मोर्चा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दौरान बक्सर से भाजपा सांसद चौबे ने कहा था कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जगह अब रेगिस्तान में है। उनका प्रधानमंत्री बनने का सपना मुंगेरीलाल के हसीन सपने जैसा है।
मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे: केंद्रीय मंत्री ने कटाक्ष करते हुए कहा था कि नीतीश कुमार विपक्ष को एकजुट करने के लिए दिल्ली प्रवास पर गए थे। वह मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं, जो कभी पूरा नहीं होने वाला है। अश्विनी चौबे ने उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर हमला बोलते हुए कहा, “तेजस्वी चार्जशीटेड हैं। कई लोगों को चार्जशीट के बाद नोटिस आ गया है, अब इनकी भी छुट्टी होने वाली है। अभी कार्तिक गए हैं और कईयों का जाना अभी बाकी है। कार्तिक गए अब अगहन, पूस और माघ की बारी है। एक-एक कर सब चल जाएंगे।”
बिहार से डर गए हैं नीतीश: बिहार सीएम नीतीश कुमार के फूलपुर से चुनाव लड़ने की संभावना पर भाजपा का कहना है कि नीतीश कुमार बिहार से इतना डर गए हैं कि वह उत्तर प्रदेश से चुनाव लड़ने चले हैं। बीजेपी नेता सुशील मोदी ने रविवार को कहा कि नीतीश कुमार अब यूपी से चुनाव लड़ने की सोच रहे हैं। उन्हें पता है कि बिहार के अंदर उनके लिए दो सीट भी जीतना मुश्किल होगा। नीतीश कुमार चाहे फूलपुर जाएं या मिर्जापुर उनकी जमानत जब्त होगी।
बेगूसराय की घटना और बिहार के लॉ एंड ऑर्डर पर सवाल उठाते हुए अश्विनी चौबे ने कहा कि नीतीश कुमार अपनी गलती को छिपाकर जाति-धर्म को जोड़कर बिहार के साथ नाइंसाफी कर रहे हैं। बिहार की जनता उन्हें कतई माफ नहीं करेगी। अपनी नाकामयाबी पर नीतीश को इस्तीफा दे देना चाहिए।