केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार (6 अप्रैल) कहा है कि विधानसभा चुनाव के परिणाम पर ध्यान दिये बगैर केन्द्र असम के विकास के लिए लगातार काम करता रहेगा। हालांकि मंत्री ने कहा कि अगर केन्द्र और राज्य दोनों में एक ही पार्टी की सरकार रहेगी तो राज्य में आने वाले अवैध प्रवासियों के मुद्दे का बेहतर समाधान हो सकता है। केन्द्रीय परिवहन, राजमार्ग और जहाजरानी मंत्री ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘यहां तक कि अगर भाजपा हार जाती है और कांग्रेस सत्ता में आती है तब भी हम असम में लगातार बुनियादी ढांचे का विकास करेंगे। विकास के साथ कोई राजनीति नहीं होगी। हाल ही में मैंने बिहार में सड़कों के निर्माण के लिए पैकेज की घोषणा की थी।’’

वह इस सवाल का जवाब दे रहे थे कि अगर उनकी पार्टी सरकार बनाने में असफल रहती है तो क्या असम में बुनियादी विकास पर केन्द्र का समर्थन लगातार जारी रहेगा। गडकरी ने दावा किया, ‘‘मैं लोगों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि पिछले 50-60 सालों की (किये गये कामों) तुलना में अधिक काम अगले पांच सालों में करेंगे। पिछले 60 सालों में, कांग्रेस को असम का विकास करने का मौका मिला। स्वतंत्रता के दौरान, असम का देश में पांचवा स्थान था और अब इसका स्थान चौथे गरीब राज्य के रूप में है।’’

गडकरी ने बताया कि केन्द्र ने उत्तर-पूर्व में बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 1,00,000 करोड़ रुपये के निवेश को मंजूरी दी है जिसमें से 40,000 करोड़ रुपये पहले ही प्रदान कर दिया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का लक्ष्य उत्तर पूर्व और असम के विकास का है। तदनुसार हमारा जोर यहां सड़क, रेल और जल नेटवर्क विकसित करने पर है।’’

असम में पहले चरण के दौरान भारी मतदान पर बात करते हुये गडकरी ने लोगों को धन्यवाद दिया और दावा किया कि यह ‘बदलाव’ के लिए दिया गया वोट है। उन्होंने कहा, ‘‘सर्वानंद सोनोवाल के नेतृत्व में हम पूर्ण बहुमत हासिल करेंगे। इस दिशा में कांग्रेस की अराजकता और भ्रष्टाचार से हमें सबसे बड़ी मदद मिली है।’’

गडकरी ने कांग्रेस को अवैध प्रवासियों के यहां आकर बसने के मुद्दे पर दोषी ठहराया और सत्तारूढ़ पार्टी पर राज्य में घुसपैठ को ‘बढ़ावा’ देने का आरोप लगाया। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर राज्य में घुसपैठियों के नाम पर भूखंड रजिस्ट्री कराने के लिए जिला प्रशासन को गैर कानूनी तरीके से निर्देश देने का भी आरोप लगाया।

इस बीच, बोरखेट्री में पार्टी की एक रैली में गडकरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की प्राथमिकता देश और विशेषकर उत्तर-पूर्व क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि ब्रहमपुत्र पर पांच पुलों का निर्माण किया जाएगा, अंतर्देशीय जलमार्ग को पुनर्जीवित किया जाएगा और गुवाहाटी के रास्ते बांग्लोदश तक जहाज चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली से सिलचर तक और अरूणाचल प्रदेश एवं त्रिपुरा से रेल संपर्क और क्षेत्र में व्यापार सुधार और रोजगार बढ़ाना है।

पूर्व में त्रिपुरा से कोलकाता के बीच यात्रा करने में 16 घंटा लगता था लेकिन भाजपा के सत्ता में आने के साथ ही ‘‘हमने बंग्लादेश सरकार के साथ बातचीत की और अब पड़ोसी देश के रास्ते बसें जाती हैं और यात्रा की समयावधि में छह घंटे की कमी आ गयी है।’’उन्होंने कहा कि भाजपा की प्राथमिकता किसानों की स्थिति सुधारने के लिए कृषि क्षेत्र में सुधार करना है जो खुदकुशी कर रहे हैं।