पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार इलाके में एक सेवानिवृत्त पायलट ने गोली मारकर खुदकुशी कर ली है। बताया जा रहा है कि बीमारी के बाद नौकरी से रिटायर लेने और फिर पत्नी और बेटी के उन्हें छोड़कर जर्मनी चले जाने से पायलट तनाव में थे। शनिवार को उन्होंने पत्नी और बेटी को भी निशाना बनाने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, पांडव नगर थाने के तहत मयूर विहार के मा विला अपार्टमेंट की सातवीं मंजिल के ई-ब्लॉक के फ्लैट नंबर-712 में रहने वाले 61 साल के आनंद कुमार सिंह ने बीमारी की वजह से पायलट की नौकरी से रिटायरमेंट ले लिया था। उनका किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था और बीमारी की वजह से वे तनाव में भी रहते थे। दो दिन पहले ही वे कहीं बाहर से आए थे। शनिवार शाम करीब चार बजे सिंह का पत्नी राजलक्ष्मी और छोटी बेटी अभिलाषा से किसी बात पर विवाद हुआ। उन्होंने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से पहले एक गोली दीवार में मारी और फिर दूसरी गोली परिवार के सदस्यों पर चलाने की धमकी दी, तो वे लोग भाग गए। इसके बाद उन्होंने अपनी कनपटी पर गोली मार ली जिससे उनकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि सिंह की बड़ी बेटी शादी के बाद से जर्मनी में रहती है। सात साल पहले किडनी की गंभीर बीमारी होने के बाद उन्होंने नौकरी छोड़ दी थी। कुछ महीने पहले पत्नी और बेटी उन्हें अकेले छोड़कर जर्मनी चली गई थीं। इसी को लेकर घर में कलह मची थी। शुक्रवार रात करीब 11 बजे राजलक्ष्मी और अभिलाषा जर्मनी से दिल्ली पहुंची थी। शनिवार दोपहर सिंह का पत्नी व बेटी से झगड़ा हुआ। इसी बीच उन्होंने अलमारी में रखी अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर निकाल ली। कहासुनी के दौरान उन्होंने पत्नी व बेटी पर गोली चला दी। दोनों ने दौड़कर पास के फ्लैट में भागकर जान बचाई, तभी थोड़ी देर के बाद ही उन्हें फिर गोली चलने की आवाज सुनाई दी। दोनों घर में घुसीं तो कमरे में सिंह फर्श पर औंधे मुंह गिरे पड़े थे। सिंह को पास के ही एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।