केंद्रीय गृह मंत्रालय ने आईपीएस अधिकारी संजय अरोड़ा को दिल्ली का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया है। संजय अरोड़ा वर्तमान में दिल्ली पुलिस कमिश्नर राकेश अस्थाना की जगह लेंगे। संजय अरोड़ा 1988 बैच के तमिलनाडु कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। 1991 में संजय अरोड़ा ने एनएसजी से ट्रेनिंग भी ली है। संजय अरोड़ा आइटीबीपी के महानिदेशक का पद भी संभाल चुके हैं। उत्तराखंड के मातली में वर्ष 1997 से 2000 तक आईटीबीपी के बटालियन की कमान संभाली थी।
कौन हैं संजय अरोड़ा?
संजय अरोड़ा काफी तेज तर्रार और उन चुनिंदा अधिकारियों में से आते हैं जो केंद्रीय बल में डेपुटेशन पर कमांडेंट के रूप में आए थे। वर्ष 1997 से लेकर 2002 तक उन्होंने आइटीबीपी में अपनी सेवाएं दी थी। 1991 में संजय अरोड़ा ने एनएसजी से ट्रेनिंग भी ली थी और उसके बाद उन्होंने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात रहने वाले एसएससी के गठन में अहम भूमिका निभाई थी।
जब तमिलनाडु में लिट्टे का काफी प्रभाव था, उस दौरान संजय अरोड़ा ने तमिलनाडु के कई जिलों की कमान संभाली थी। वीरप्पन गिरोह को भी खत्म करने में संजय अरोड़ा ने काफी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जब वीरप्पन गिरोह के खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर रही थी, उस दौरान संजय अरोड़ा स्पेशल टास्क फोर्स के एसपी रहे थे। वीरप्पन गिरोह के खिलाफ कार्रवाई में सफलता प्राप्त करने के बाद संजय अरोड़ा को मुख्यमंत्री वीरता पदक से सम्मानित किया गया था।
संजय अरोड़ा वर्तमान में आइटीबीपी के डीजी के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। संजय अरोड़ा को 2004 में सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक, 2014 में विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जा चुका है। साथ ही उन्हें कई अन्य पदकों से भी सम्मानित किया जा चुका है। संजय अरोड़ा ने जयपुर के मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान से इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में स्नातक की पढ़ाई पूरी की है।
दिल्ली पुलिस के वर्तमान पुलिस कमिश्नर राकेश अस्थाना आज रिटायर हो जाएंगे। ऐसा माना जा रहा था कि उन्हें एक्सटेंशन मिल सकता है, लेकिन उन्हें एक्सटेंशन नहीं मिला। शाम 4 बजे दिल्ली पुलिस लाइन में राकेश अस्थाना को बाकायदा फेयरवेल परेड दी जाएगी।