नोएडा के सर्फाबाद में रविवार सुबह एक निर्माणाधीन इमारत में एक आॅटो चालक का अर्धनग्न शव मिला। मृतक के गले में सरिया घोंपकर हत्या की गई थी। जिस इमारत में शव मिला, उसकी दीवार पर चॉक से लिखा था… धरती का बोझ, पागल हूं…ये काम मैं नहीं, मेरा दिमाग करता है। इसके अलावा कुछ अन्य बातें भी दीवार पर लिखी हुई थीं। मृतक की पीठ पर भी सरिए से कुछ लिखा गया था लेकिन क्या लिखा था, इसके बारे में पुलिस ने कुछ नहीं बताया। थाना सेक्टर-49 पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस रंजिश को हत्या की वजह मान रही है। आॅटो चालक एसोसिएशन से भी मृतक के साथ घूमने- फिरने वालों की जानकारी मांगी है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी तलाश की जा रही है। एसएचओ विनय प्रकाश सिंह ने बताया कि बिहार के दरभंगा का रहने वाला पवन कामत (55) अपने बेटे और बहू के साथ सर्फाबाद में किराए पर रहता था। पवन आॅटो चलाता था। घर में बेटा दिलीप और बहू रीमा रहते थे। पवन पड़ोस में ही घर के बाहर बिस्तर लगाकर सोता था। शनिवार रात को भी खाना खाकर पवन बाहर सोने चला गया था। सुबह बिस्तर पर नहीं मिलने पर परिजनों ने तलाश की।
पवन का अर्धनग्न शव लहूलुहान हालत में घर के नजदीक एक निर्माणाधीन इमारत में मिला। पवन के गले में सरिया घोंपा हुआ था। परिजनों के अनुसार आठ महीने पहले गांव से लौटने के बाद पवन ज्यादा शराब पीने लगा था। वह अक्सर निर्माणाधीन इमारत के पास शराब पीने जाता था। मृतक की किसी से दुश्मनी होेने की बात से भी इनकार किया जा रहा है। दीवार पर लिखी बातों का पुलिस ज्यादा अर्थ नहीं निकाल पा रही है। लेकिन मारने से पहले हत्यारे ने पवन के शरीर से सभी कपड़े उतरवा दिए थे। केवल अंडरवेयर ही उसके बदन पर था। शव पर भी सरिये से चोर समेत कुछ अन्य बातें लिखने की कोशिश की गई हैं। हालांकि इसके बारे में पुलिस बताने को तैयार नहीं है। एसपी सिटी अरुण सिंह ने बताया कि पवन के साथ घूमने- फिरने वालों की जानकारी इकट्ठा की जा रही है।