कांग्रेस ने अपने 25 सांसदों के निलंबन को लेकर लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के खिलाफ सड़कों पर प्रदर्शन किया और निलंबन वापस लेने की मांग की। पार्टी के युवा शाखा के अध्यक्ष अमरिंदर राजा बराड़ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं ने महाजन पर पद के ‘दुरुपयोग’ का आरोप लगाते हुए लोकसभा अध्यक्ष के अकबर रोड स्थित आधिकारिक आवास की तरफ मार्च किया लेकिन पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस द्वारा भीड़ को तितर बितर करने के लिए पानी की बौछार का प्रयोग करने से कुछ प्रदर्शनकारियों को हल्की चोटें आईं।

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए बराड़ ने कहा कि पार्टी संसद की भीतर और बाहर दोनों जगह भाजपा को घेरेगी। उन्होंने कहा कि हमारे सांसदों को उनकी वास्तविक मांगों को लेकर असंवैधानिक तरीके से निलंबित किया गया। इसी बीच दिल्ली कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन की अगुआई में इसी मुद्दे पर जंतर मंतर पर एकत्रित हुए और संसद भवन की तरफ मार्च करने की कोशिश की।

माकन ने कहा कि अगर सरकार संसद को सुचारू ढंग से चलाना चाहती है तो इसे सुनिश्चित करना चाहिए कि सभी भ्रष्ट मंत्री इस्तीफा दें। उन्होंने सांसदों के निलंबन को राजनीति की हत्या के बराबर बताया।